टिहरी
नई टिहरी के बौराड़ी सेक्टर-8डी में बड़ा भूस्खलन, कई मकान खतरे की जद में
पहाड़ों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच भूस्खलन की घटनाएं बढ़ गई हैं। बुधवार सुबह नई टिहरी के बौराड़ी सेक्टर-8 डी में एक मकान के समीप अचानक बड़ा भूस्खलन हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के कई मकान खतरे की जद में आ गए हैं।
जानकारी के अनुसार भूस्खलन का मलबा आवासीय क्षेत्र के बेहद करीब आ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए तो ऊपर की ओर बने मकानों के लिए भी खतरा बढ़ सकता है और बड़ा हादसा हो सकता है।
प्रशासन ने लिया जायजा
घटना की सूचना मिलते ही राजस्व निरीक्षक मौके पर पहुंचे और प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखने की बात कही है।
मकान मालिक ने की तत्काल कार्रवाई की मांग
प्रभावित मकान के मालिक तोता राम भट्ट ने प्रशासन से तत्काल सुरक्षा कार्य शुरू करने की मांग की है। उन्होंने कहा –
“भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र में जल्द से जल्द सुरक्षा और निर्माण कार्य कराया जाए। समय रहते सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई तो ऊपर बने मकानों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है। हमने संभावित जनहानि को रोकने के लिए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।”
दहशत में क्षेत्रवासी
लगातार हो रही बारिश को देखते हुए क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से संवेदनशील स्थानों की निगरानी बढ़ाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि टिहरी जिले का आपदा प्रबंधन विभाग केवल एस्टीमेट बनाने तक सीमित न रहे, बल्कि आपदा प्रभावित लोगों को समय पर राहत पहुंचाए ताकि किसी बड़ी अनहोनी को टाला जा सके।
