टिहरी
नशामुक्त भारत अभियान की गतिविधियां अब ‘समावेश’ पोर्टल के माध्यम से होंगी संचालित
नशामुक्त भारत अभियान एवं राष्ट्रीय मादक द्रव्य दुरुपयोग रोकथाम अभियान (NMBA) से संबंधित गतिविधियों के संचालन के लिए पुराने पोर्टल को बंद कर अब नवीन ‘समावेश पोर्टल’ पर स्थानांतरित कर दिया गया है। इस संबंध में शासन एवं समाज कल्याण निदेशालय द्वारा जारी निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं संस्थानों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने निर्देश दिए हैं कि नशामुक्ति अभियान से जुड़े सभी अधिकारी, कर्मचारी, शैक्षणिक संस्थान, नशामुक्ति/डी-एडिक्शन केंद्र, एनएपीडीडीआर के नोडल अधिकारी एवं अन्य सभी संबंधित नवीन समावेश पोर्टल का व्यापक प्रचार-प्रसार करना सुनिश्चित करें तथा पोर्टल का अनिवार्य रूप से उपयोग भी करें।
नवीन पोर्टल पर नशामुक्त भारत अभियान से संबंधित सभी भावी गतिविधियों का संचालन किया जाएगा। जनपद एवं ब्लॉक स्तर पर आयोजित अभियान की बैठकों तथा अन्य गतिविधियों से संबंधित वीडियो एवं फोटोग्राफ भी पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड किए जाने हैं।
जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि नवीन पोर्टल के लिंक की जानकारी अपने अधीनस्थ अधिकारियों, कर्मचारियों, शैक्षणिक संस्थानों, नशामुक्ति केंद्रों तथा अन्य संबंधित हितधारकों तक पहुंचाते हुए पोर्टल के प्रभावी उपयोग को सुनिश्चित करें।
साथ ही जिलाधिकारी ने सभी सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों को नवीन पोर्टल का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए अभियान से जुड़ी सभी गतिविधियों की प्रभावी निगरानी, अभिलेखीकरण एवं व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने में समावेश पोर्टल महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
