टिहरी
शिक्षक दिवस पर विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन स्थान- टिहरी बाँध परियोजना इंटरमीडिएट कॉलेज, भागीरथीपुरम, टिहरी गढ़वाल।
माननीय उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष/जनपद न्यायाधीश महोदय श्री नितिन शर्मा के निर्देशानुपालन में आज दिनांक 05-09-2026 को “राष्ट्रीय शिक्षक दिवस” के अवसर पर सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री दयाराम द्वारा टिहरी बाँध परियोजना इंटरमीडिएट कॉलेज, भागीरथीपुरम, टिहरी गढ़वाल में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
उक्त शिविर में सचिव महोदय द्वारा उपस्थित छात्र छात्राओं को अपने सम्बोधन में कहा गया कि 5 सितम्बर का दिन भारत के पूर्व राष्ट्रपति, महान शिक्षाविद और दार्शनिक डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के रूप में मनाया जाता है। यह दिन समाज निर्माण में शिक्षकों के अतुलनीय योगदान को याद करने और उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। एक शिक्षक केवल पाठ्यपुस्तकें नहीं पढ़ाता, बल्कि वह विद्यार्थियों के चरित्र, सोच और भविष्य की नींव रखता है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आयोजित विधिक जागरूकता शिविर का उद्देशय शिक्षकों को बाल संरक्षण और शिक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक करना है। साथ ही सचिव महोदय द्वारा छात्र छात्राओं को शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE Act, 2009) के सम्बन्ध में कहा गया कि प्रत्येक बच्चे तक शिक्षा की पहुँच सुनिश्चित करने के लिए शिक्षा के अधिकार अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों को अमल में लाना शिक्षकों और स्कूल प्रशासन का मुख्य दायित्व है साथ ही बाल संरक्षण और पॉक्सो (POCSO) एक्ट के बारे में विस्तृत जानकारी दी गयी। सचिव महोदय द्वारा कहा गया कि शिक्षक दिवस केवल उत्सव मनाने का दिन नहीं है, बल्कि यह अपने दायित्वों को पुनः रेखांकित करने का अवसर है। जब एक शिक्षक कानूनन जागरूक और संवेदनशील होता है, तो वह न केवल बच्चों को शोषण से बचाता है, बल्कि उन्हें एक सुरक्षित और गरिमापूर्ण वातावरण प्रदान करता है।
उक्त शिविर में टिहरी बाँध परियोजना इंटरमीडिएट कॉलेज, भागीरथीपुरम, टिहरी गढ़वाल के प्रधानाचार्य श्री शिवेंद्र सिंह रावत, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 परियोजना समन्वयक श्री दीपक भट्ट, रिटेनर अधिवक्ता श्री राजपाल सिंह मियां, विद्यालय के समस्त विद्वान शिक्षकगण, छात्र छात्राऐं एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकार मित्र उपस्थित रहे।
उक्त शिविर के उपरान्त सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री दयाराम द्वारा स्थान नगरपालिका परिषद्, नई टिहरी, बौराड़ी में आयोजित राजकीय शिक्षक संघ के सम्मान समारोह में प्रतिभाग किया गया। कार्यक्रम में सचिव महोदय द्वारा अपने सम्बोधन में बाल संरक्षण और शिक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों के बारे में जानकारी दी गयी तथा शिक्षकों को पुरस्कार वितरित किये गए।
उक्त कार्यक्रम में नगर पालिका नई टिहरी के अध्यक्ष श्री मोहन सिंह रावत, खण्ड शिक्षा अधिकारी श्री तस्लीम कुरैशी, रिटेनर अधिवक्ता श्री राजपाल सिंह मियां, अधिकार मित्र श्री सोमवारी लाल सकलानी ‘निशान्त’, गणमान्य विद्वान शिक्षकगण सहित अन्य कई लोग उपस्थित रहे।
