टिहरी
वृद्धजनों के लिए जिला अस्पताल में बनेगा अलग वार्ड, बढ़ेंगे बेड
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर जिला अस्पताल बौराड़ी में बुजुर्गों को बांटी छड़ियां व फल, सीएमओ ने बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का दिया भरोसा
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय बौराड़ी में स्वास्थ्य विभाग की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष वृद्धजनों ने प्रतिभाग किया। मुख्य अतिथि मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. राम प्रकाश ने वृद्धजनों का सम्मान करते हुए उन्हें छड़ियां और फल वितरित किए। इस दौरान अस्पताल में बुजुर्गों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएमओ डॉ. राम प्रकाश ने कहा कि जिला चिकित्सालय बौराड़ी में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में भविष्य में कार्य किया जाएगा। इसके तहत वृद्धजनों के लिए अलग वार्ड स्थापित करने के साथ ही अस्पताल में बेड की संख्या बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य बुजुर्गों को अस्पताल में बेहतर और सुविधाजनक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि अस्पताल में वृद्धजनों की सुविधा के लिए अलग पर्ची काउंटर बनाने की भी व्यवस्था की जाएगी, ताकि उन्हें पर्ची बनवाने के लिए लंबी कतार में खड़ा न होना पड़े। इसके साथ ही पेटीएम की सुविधा उपलब्ध कराने की बात भी कही गई, जिससे अस्पताल आने वाले बुजुर्गों को भुगतान संबंधी सुविधा मिल सके।
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. बृजेश डोभाल ने कहा कि वृद्धजन समाज के मार्गदर्शक हैं और उनके बेहतर स्वास्थ्य की जिम्मेदारी सभी की है। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल बौराड़ी में वृद्धजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों को निशुल्क अथवा कम खर्च में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
सीएमएस ने वृद्धजनों से अपील की कि वे अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें और वर्ष में कम से कम दो बार स्वास्थ्य की जांच अवश्य कराएं। उन्होंने कहा कि समय पर स्वास्थ्य जांच कराने से बीमारियों की पहचान और उपचार में मदद मिलती है।
कार्यक्रम के दौरान वृद्धजनों को छड़ियां और फल वितरित कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर एसीएमओ डॉ. अमलेश कुमार, डॉ. शैलेंद्र बर्त्वाल, अर्जुन सिंह रावत, सिद्धार्थ उनियाल, दीपक मंगाई सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
