उत्तराखंड
उत्तराखंड की अंतिम मतदाता सूची जारी, यहां चेक करें अपना नाम….
उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद शनिवार को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर एक जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर चलाए गए पुनरीक्षण अभियान के बाद अंतिम सूची में 71,58,949 मतदाता शामिल हैं। इनमें 37,37,701 पुरुष, 34,21,036 महिला और 212 थर्ड जेंडर मतदाता हैं।
चुनाव आयोग ने उत्तराखंड में आठ जून से एसआईआर की शुरुआत की थी। मतदाताओं को गणना प्रपत्र भेजे गए थे, जो सात जुलाई तक भरकर वापस लिए गए। इसके बाद 14 जुलाई को आयोग ने ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की। 14 जुलाई से 13 अगस्त दावे और आपत्तियां दर्ज करने का मौका दिया गया।
10 जुलाई से 28 सितंबर तक दावे-आपत्तियों की सुनवाई, निस्तारण किया गया। पहले अंतिम मतदाता सूची 15 सितंबर को जारी होनी थी लेकिन बाद में चुनाव आयोग ने पांच जिलों के मतदाताओं का यूपी के सीमावर्ती जिलों से सत्यापन के चलते तिथि बदलकर तीन अक्तूबर कर दी थी। छूटे हुए, नए मतदाताओं को फॉर्म-6 भरकर दोबारा मतदाता बनने का मौका दिया जाएगा।
मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के बाद ऐसे व्यक्ति जो किन्ही कारणवश मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सके हैं वे सभी फार्म 6 भरकर ईसीआई नेट ऐप के माध्यम से ऑनलाइन एवं अपने बीएलओ के माध्यम से ऑफलाइन मोड में भी आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए स्पेशल कैंप लगाए जाएंगे और बीएलओ को घर-घर जाकर जानकारी लेने का निर्देश दिया गया है।
अंतिम मतदाता सूची में शामिल 7158949 मतदाताओं में (3421036 महिला, 3737701 पुरुष, 212 थर्ड जेंडर मतदाता) शामिल हैं।
इसके साथ ही प्रदेश में 18-19 आयुवर्ग में 72656 मतदाता, एवं 80 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के 122892 मतदाता शामिल हैं।
प्रदेश में SIR अभियान के दावे आपत्तियों के निस्तारण के बाद मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन में कुल 129872 नए मतदाता शामिल किए गए हैं जबकि 104708 मतदाताओं को नियमानुसार सूची से हटाए गए हैं।
मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के बाद भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाईट http://www.voter.eci.gov.in एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाईट http://www.ceo.uk.gov.in पर ऑनलाइन विजिट कर देखी जा सकती है।
इसके साथ हीं डीईओ / ईआरओ कार्यालय एव बीएलओ से भी सूची प्राप्त की जा सकती है।
