‎प्रताप इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित कार्यक्रम में वन मंत्री सुबोध उनियाल सहित जनप्रतिनिधियों ने किया प्रतिभाग

टिहरी
‎
‎सेवा ज्योति यात्रा के साथ विकसित भारत@2047 का लिया संकल्प
‎
‎प्रताप इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित कार्यक्रम में वन मंत्री सुबोध उनियाल सहित जनप्रतिनिधियों ने किया प्रतिभाग
‎
‎ सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित प्रताप इंटर कॉलेज मैदान में सेवा ज्योति यात्रा एवं विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल सहित राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, विधायक टिहरी किशोर उपाध्याय, धनौल्टी विधायक प्रीतम सिंह पंवार, घनसाली विधायक शक्तिलाल शाह, देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने प्रतिभाग किया।
‎
‎कार्यक्रम स्थल पर मुख्य अतिथि के पहुंचने पर पुलिस बल द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके पश्चात अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर विधिवत स्वागत किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ देशभक्ति गीतों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ। इस दौरान उपस्थित लोगों ने वर्चुअल माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन सुना।
‎
‎प्रधानमंत्री के संबोधन के उपरांत मुख्य अतिथि कैबिनेट सुबोध उनियाल ने उपस्थित जनसमूह को विकसित भारत@2047 के निर्माण का सामूहिक संकल्प दिलाया। इसके बाद अतिथियों द्वारा सेवा ज्योति प्रज्वलित कर सेवा ज्योति यात्रा का शुभारंभ किया गया। मशाल के साथ निकली विशाल रैली में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। रैली के माध्यम से सेवा, सुशासन, विकास और आत्मनिर्भर भारत के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।
‎
‎कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने तथा पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से विभागीय स्टॉल लगाए गए। अतिथियों ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी ली। वहीं, स्कूली छात्राओं द्वारा सेवा संकल्प अभियान की थीम पर बनाई गई रंगोलियों का भी अवलोकन किया गया और छात्राओं के प्रयासों की सराहना की गई।
‎
‎कार्यक्रम के दौरान सूचना विभाग की सांस्कृतिक टीम द्वारा देशभक्ति एवं जनजागरूकता से जुड़ी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, दायित्वधारी सोना सजवान, जोत सिंह बिष्ट, संजय नेगी, खेम सिंह चौहान, गीता रावत, विनोद सुयाल, सदस्य अनुसूचित जाति आयोग सुनीता देवी, पूर्व मंत्री दिनेश धनै, पूर्व विधायक विजय पंवार, धन सिंह नेगी, जिला प्रभारी अनिल गोयल सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
‎
‎