संविधान की हत्या के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, मनाया ‘ब्लैक डे

टिहरी

संविधान की हत्या के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, मनाया ‘ब्लैक डे

नई टिहरी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। जिला मुख्यालय बौराड़ी के साईं चौक में आयोजित प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में ‘ब्लैक डे’ और ‘संविधान की हत्या बंद करो’ लिखी तख्तियां लेकर विरोध दर्ज कराया।

कार्यकर्ता जमीन पर धरने पर बैठे और सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक संस्थाओं और संवैधानिक मूल्यों को कमजोर किया जा रहा है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव राकेश राणा ने कहा कि नागरिकों के अधिकारों और संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक अपना संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी।

राकेश राणा ने कहा कि कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी सड़कों पर उतरकर लोकतांत्रिक अधिकारों और जनहित के मुद्दों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार वोट चोरी करके विभिन्न प्रदेशों में सरकार बना रही है और सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग करके विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली में राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रहे प्रदर्शन के दौरान सरकार द्वारा विपक्षी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ तानाशाहीपूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है। लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाने वालों को दबाने के बजाय सरकार को जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग को संरक्षण देकर उसकी निष्पक्षता पर उठ रहे सवालों से बचने का प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेस लोकतंत्र, निष्पक्ष चुनाव और संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और संविधान तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा का संकल्प व्यक्त किया।

प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस महासचिव राकेश राणा, विजय गुनसोला, पूर्व राज्य मंत्री सैयद मुशर्रफ अली, पीसीसी सदस्य देवेंद्र नौटियाल, ज्येष्ठ प्रमुख विशन सिंह रागढ़, नगर पालिका सभासद नवीन सेमवाल, कांग्रेस नेता रोशन नौटियाल, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष आशा रावत, सगुप्ता प्रवीण, अनीता पैन्यूली, बृहस्पति भट्ट, वीरेंद्र दत्त सहित कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।