परिषदीय परीक्षा 2027 के लिए जनपद में 136 परीक्षा केंद्र निर्धारित

टिहरी
‎
परिषदीय परीक्षा 2027 के लिए जनपद में 136 परीक्षा केंद्र निर्धारित
‎
‎क्षतिग्रस्त एवं जीर्ण-शीर्ण विद्यालयों को परीक्षा केंद्र न बनाने के निर्देश
‎
‎ परिषदीय परीक्षा 2027 के सफल एवं सुरक्षित आयोजन को लेकर अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय कक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा केंद्रों के निर्धारण, विद्यालयों की स्थिति तथा परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
‎
‎जनपद में परिषदीय परीक्षा 2027 के लिए कुल 136 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें 135 मिश्रित परीक्षा केंद्र तथा एक एकल परीक्षा केंद्र शामिल है। जनपद के कुल 346 विद्यालयों में से 331 विद्यालय परीक्षा में सम्मिलित होंगे, जिनमें 123 हाईस्कूल एवं 208 इंटरमीडिएट स्तर के विद्यालय हैं। इस वर्ष परीक्षा में कुल 13,633 परीक्षार्थी शामिल होंगे, जबकि वर्ष 2026 में परीक्षार्थियों की संख्या 14,176 थी।
‎
‎अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि आपदा के दौरान क्षतिग्रस्त अथवा जीर्ण-शीर्ण विद्यालयों को परीक्षा केंद्र न बनाया जाए। ऐसे विद्यालयों को चिह्नित कर उनकी स्थिति का आकलन किया जाए तथा आवश्यक मरम्मत एवं सुधार कार्य सुनिश्चित कराया जाए, ताकि परीक्षार्थियों की सुरक्षा के साथ परीक्षा का सुचारु संचालन किया जा सके।
‎
‎बैठक में मुख्य शिक्षा अधिकारी कमला बड़वाल सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
‎
‎