टिहरी
बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत 21 अक्टूबर से 21 दिसम्बर तक चलेगा 100 दिवसीय जागरूकता अभियान
27 नवम्बर को ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाएं, सामूहिक शपथ एवं जनजागरूकता कार्यक्रम होंगे आयोजित
बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के उन्मूलन तथा बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा के उद्देश्य से जनपद टिहरी गढ़वाल में 21 अक्टूबर से 21 दिसम्बर 2026 तक 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत जागरूकता अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत बाल विवाह की रोकथाम के लिए व्यापक जनजागरूकता, सामुदायिक सहभागिता, सतर्कता एवं निवारक कार्यवाही पर विशेष जोर दिया जाएगा।
जिला कार्यक्रम अधिकारी, टिहरी गढ़वाल संजय गौरव ने बताया कि महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशों के क्रम में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की निरंतरता बनाए रखने के लिए 100 दिवसीय जागरूकता मॉड्यूल पुनः प्रारम्भ किया गया है। उल्लेखनीय है कि संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा 27 नवम्बर को बाल विवाह, कम उम्र में विवाह एवं जबरन विवाह के उन्मूलन के लिए अंतर्राष्ट्रीय दिवस के रूप में मनाया जाता है।
अभियान के दौरान संबंधित विभागों द्वारा अपने-अपने कार्यक्षेत्रों में बाल विवाह के दुष्परिणामों एवं इसकी रोकथाम के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा। इसके लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा एवं एएनएम, विद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों, ग्राम पंचायतों, शहरी स्थानीय निकायों, स्वयं सहायता समूहों, युवा एवं सामुदायिक संगठनों, धार्मिक संस्थाओं, पुलिस तथा अन्य क्षेत्रीय कार्मिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
अभियान के अंतर्गत बाल विवाह के विरुद्ध शपथ ग्रहण, कानूनी साक्षरता, बाल विवाह के मामलों की पहचान एवं रिपोर्टिंग तथा सामुदायिक स्तर पर जनभागीदारी बढ़ाने संबंधी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने वाले सभी व्यक्तियों को बाल विवाह मुक्त भारत पोर्टल के माध्यम से शपथ लेकर प्रमाण पत्र प्राप्त करना होगा।
उन्होंने बताया कि 27 नवम्बर 2026 को विशेष रूप से ग्राम सभाओं, सामूहिक शपथ ग्रहण, स्थानीय जनजागरूकता कार्यक्रमों एवं अन्य सामुदायिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान बाल विवाह की रोकथाम के लिए अपनाई जा रही अच्छी प्रथाओं एवं सामुदायिक प्रयासों को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने संबंधित विभागों एवं अधिकारियों से अभियान के तहत 21 अक्टूबर से 21 दिसम्बर 2026 तक आयोजित होने वाली प्रत्येक गतिविधि की फोटोग्राफ एवं विस्तृत जानकारी प्रतिदिन ई-मेल आईडी icdstehri@gmail.com पर उपलब्ध कराने की अपील की है। सूचना में कार्यक्रम की तिथि, स्थान, गतिविधि का नाम, प्रतिभागियों की संख्या, पंचायत का नाम, कार्यक्रम अधिकारी का नाम एवं मोबाइल नम्बर तथा कम से कम चार फोटोग्राफ उपलब्ध कराने होंगे।
प्राप्त सूचनाओं एवं फोटोग्राफ को प्रतिदिन बाल विवाह मुक्त भारत (BVMB) पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा तथा अभियान की विस्तृत रिपोर्ट निदेशालय, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग, उत्तराखण्ड को प्रेषित की जाएगी।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने सभी संबंधित विभागों, ग्राम पंचायतों एवं आमजन से अभियान में सक्रिय सहभागिता करते हुए बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की तथा बाल सहायता टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1098 एवं आपातकालीन नम्बर 112 का उपयोग कर सकते है, जिससे बाल विवाह मुक्त अभियान को सफल बनाया जा सके ।
