टिहरी
बचपन बचेगा, तभी भविष्य बनेगा: टिहरी में कर्मचारियों ने ली बाल विवाह रोकने की शपथ
सखी वन स्टॉप सेंटर की पहल, केंद्र प्रशासक रश्मि विष्ट बोलीं – बाल विवाह अपराध है, इसे रोकना हम सबकी जिम्मेदारी

बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ टिहरी में एक मजबूत आवाज उठी। जिला प्रोबेशन कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में सखी वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक रश्मि विष्ट ने समस्त कर्मचारियों को बाल विवाह रोकने की शपथ दिलवाई।
शपथ ग्रहण के दौरान रश्मि विष्ट ने कहा कि बाल विवाह सिर्फ एक शादी नहीं, बल्कि एक बच्चे के बचपन, शिक्षा, स्वास्थ्य और पूरे भविष्य को छीन लेता है। इसे रोकना केवल पुलिस या प्रशासन का काम नहीं है, यह पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान जोखिम वाले बच्चों और बालिकाओं की पहचान कर उनके परिवारों से बातचीत की जाएगी और समय रहते जरूरी कदम उठाए जाएंगे, ताकि कोई भी बच्चा बाल विवाह का शिकार न हो।
क्या कहता है कानून?
कार्यक्रम में कर्मचारियों को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
इसके तहत 18 साल से कम उम्र की लड़की और 21 साल से कम उम्र के लड़के का विवाह बाल विवाह माना जाता है। बाल विवाह करना, करवाना या इसमें सहयोग करना भी अपराध है। दोषी पाए जाने पर 2 साल तक की सजा और 1 लाख रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है।
सभी ने लिया संकल्प
कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने संकल्प लिया कि वे न तो बाल विवाह करवाएंगे और अपने आसपास कहीं भी बाल विवाह होता दिखा तो उसे रोकने के लिए आगे आएंगे।
इस मौके पर जिला प्रोबेशन अधिकारी ज्योति पटवाल, बाल कल्याण समिति सदस्य सोबन सिंह रावत, विधि सह परिवीक्षा अधिकारी सुखदेव बहुगुणा, संरक्षण अधिकारी विनीता उनियाल, लेखाकार कुमुद उनियाल, सामाजिक कार्यकर्ता प्रमोद, अमरजीत, पवन, डाटा एनालिस्ट प्रेरणा, कंप्यूटर ऑपरेटर नरेश, प्रिंस रावत और आउटरीच वर्कर अब्दुल बकार आदि उपस्थित रहे।
