टिहरी ‎ ‎दिव्यांगजनों के लिए 09 दिसंबर को प्रताप इंटर कॉलेज नई टिहरी में लगेगा दिव्यांग कल्याण शिविर

टिहरी
‎

‎दिव्यांगजनों के लिए 09 दिसंबर को प्रताप इंटर कॉलेज नई टिहरी में लगेगा दिव्यांग कल्याण शिविर
‎
‎दिव्यांग प्रमाण-पत्र, यूडीआईडी कार्ड, आधार कार्ड, कृत्रिम अंग वितरण सहित विभिन्न सुविधाएं मिलेंगी
‎
‎जनपद के दिव्यांगजनों को विभिन्न सरकारी सुविधाओं एवं योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 09 दिसंबर 2026 को प्रताप इंटर कॉलेज, नई टिहरी में एक दिवसीय दिव्यांग कल्याण शिविर आयोजित किया जाएगा। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने बताया कि समाज कल्याण विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से आयोजित इस शिविर में ऐसे दिव्यांगजनों के दिव्यांग प्रमाण-पत्र बनाए जाएंगे, जिनके प्रमाण-पत्र अभी तक नहीं बन पाए हैं। साथ ही पुराने प्रमाण-पत्रों के नवीनीकरण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
‎
‎जिलाधिकारी ने बताया कि शिविर में पात्र दिव्यांगजनों के यूडीआईडी कार्ड बनाने के लिए आवश्यक अभिलेख जमा किए जाएंगे। इसके अलावा दिव्यांगजनों एवं वृद्धजनों के आधार कार्ड बनाने, उनकी समस्याओं का तत्काल निराकरण करने तथा जरूरतमंद दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर, कान की मशीन, बैसाखी एवं छड़ी सहित कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की कार्यवाही की जाएगी।
‎
‎उन्होंने बताया कि आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत शिविर में नए दिव्यांग मतदाताओं का पंजीकरण एवं मतदाता सूची में पीडब्ल्यूडी मार्किंग का कार्य भी किया जाएगा। साथ ही दिव्यांगजनों को मतदान के प्रति जागरूक कर अधिक से अधिक मतदान के लिए प्रेरित किया जाएगा। शिविर में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।
‎
‎जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त दिव्यांगजनों एवं समाज कल्याण विभाग की योजनाओं के पात्र लाभार्थियों से शिविर में पहुंचकर उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की है। शिविर का आयोजन प्रातः 11 बजे से प्रताप इंटर कॉलेज, नई टिहरी में किया जाएगा।
‎
‎शिविर के सफल संचालन के लिए जिला समाज कल्याण अधिकारी, टिहरी गढ़वाल को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। उन्हें शिविर की समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा अधिक से अधिक दिव्यांगजनों को इसका लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
‎
‎