टिहरी
जनपद में 10 स्थानों पर आयोजित हुई वृहद मॉक ड्रिल, आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखा
भूकंप, बादल फटने, भूस्खलन, वनाग्नि, रोपवे में तकनीकी खराबी, रेलवे टनल में धंसाव और टिहरी बांध से पानी छोड़े जाने सहित विभिन्न आपातकालीन स्थितियों में किया गया राहत एवं बचाव का अभ्यास
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में प्रदेश में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को अधिक सक्षम और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सिलक्यारा टनल रेस्क्यू अभियान की सफलता की वर्षगांठ पर 28 नवंबर को राज्य आपदा प्रबंधन दिवस मनाया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के निर्देशन में जनपद टिहरी गढ़वाल में 10 अलग-अलग स्थानों पर वृहद मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इसके तहत भूकंप से भवन एवं विद्यालय क्षति, बादल फटना, भूस्खलन, स्वास्थ्य केंद्र में भूकंप से क्षति, सुरकंडा देवी मंदिर रोपवे में तकनीकी खराबी, पाले एवं घने कोहरे से वाहन दुर्घटना, टिहरी बांध से 1000 क्यूसेक पानी छोड़े जाने से निचले क्षेत्रों में जलभराव की आशंका, नदी के तेज बहाव में लोगों के फंसने, वनाग्नि तथा निर्माणाधीन रेलवे टनल में धंसाव जैसी आपातकालीन स्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया गया। इसका उद्देश्य विभिन्न आपदाओं के दौरान त्वरित प्रतिक्रिया, विभागीय समन्वय और उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी उपयोग की तैयारियों को परखना रहा।
मॉक ड्रिल के तहत तहसील घनसाली के मुख्य बाजार में भूकंप के झटकों से एक आवासीय भवन क्षतिग्रस्त होने और लोगों के मलबे में दबने की सूचना पर राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। घायलों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलेश्वर पहुंचाया गया। इसी तहसील के ग्राम जखन्याली में बादल फटने से मार्ग अवरुद्ध होने, एक गौशाला और आवासीय भवन क्षतिग्रस्त होने तथा पशुओं के घायल होने की सूचना पर राहत एवं बचाव कार्य किए गए। घायलों को उपचार के लिए सीएचसी बेलेश्वर पहुंचाया गया।
तहसील नरेंद्रनगर के बगड़धार में राष्ट्रीय राजमार्ग ऋषिकेश-चंबा पर भारी वर्षा के कारण भूस्खलन होने और मलबे की चपेट में एक वाहन आने की सूचना पर रेस्क्यू अभियान चलाया गया। वाहन में फंसे व्यक्तियों को बाहर निकालकर उप जिला चिकित्सालय नरेंद्रनगर पहुंचाया गया। वहीं, बीआरओ की टीम ने मार्ग से मलबा हटाकर यातायात सुचारू करने की कार्रवाई की। तहसील नैनबाग के स्वास्थ्य केंद्र में भूकंप से भवन क्षतिग्रस्त होने तथा दो व्यक्तियों के घायल और एक व्यक्ति के बेहोश होने की सूचना पर राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया गया।
तहसील धनोल्टी स्थित सुरकंडा देवी मंदिर रोपवे में तकनीकी खराबी के कारण दो यात्रियों के फंसने की सूचना प्रातः 10:40 बजे प्राप्त हुई। संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों यात्रियों को सकुशल बाहर निकाला गया। इसी तहसील के घोड़ा बाजार में पाले और घने कोहरे के कारण वाहन फिसलने तथा यातायात प्रभावित होने की स्थिति में पुलिस ने धनोल्टी चौराहे, काणाताल मोड़ एवं ईको पार्क के समीप चेकिंग प्वाइंट स्थापित कर वाहन चालकों को सावधानी बरतने के लिए जागरूक किया। लोक निर्माण विभाग को संवेदनशील स्थानों पर रिफ्लेक्टर एवं चेतावनी बोर्ड लगाने तथा सड़क पर नमक और रेत का छिड़काव करने के निर्देश दिए गए।
टिहरी बांध से निर्धारित समय के अनुसार 1000 क्यूसेक पानी छोड़े जाने की सूचना प्रातः 10:45 बजे टीएचडीसी कंट्रोल रूम से प्राप्त हुई। इसके बाद देवप्रयाग और मुनिकीरेती क्षेत्र में घाटों को खाली कराया गया तथा नदी किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए सूचित किया गया। इसी दौरान मुनिकीरेती में नदी के तेज बहाव में फंसे पांच व्यक्तियों को एसडीआरएफ ने मोटर बोट एवं अन्य तरीकों से सुरक्षित बाहर निकाला। इनमें से तीन घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जबकि दो को घटनास्थल पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया।
तहसील कंडीसौड़ के ग्राम कंडी के समीप आरक्षित वन क्षेत्र में आग लगने की सूचना पर आग बुझाने और राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया गया। इस दौरान वन एवं अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों के घायल होने तथा पशुओं के प्रभावित होने की स्थिति में भी बचाव कार्य किए गए। तहसील जाखणीधार के सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में भूकंप के झटकों से विद्यालय भवन की दीवार क्षतिग्रस्त होने और बच्चों के घायल होने की सूचना पर राहत एवं बचाव दल ने बच्चों को बाहर निकाला। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों एवं जिला अस्पताल नई टिहरी पहुंचाया गया। अस्पताल से प्राप्त जानकारी के अनुसार सभी घायल बच्चों की स्थिति स्थिर रही।
तहसील देवप्रयाग के ग्राम बागेश्वर के समीप रेल विकास निगम की निर्माणाधीन रेलवे टनल में धंसाव होने तथा श्रमिकों के अंदर फंसने की सूचना पर रेस्क्यू अभियान चलाया गया। घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर गंभीर घायलों को 108 एंबुलेंस से बेस अस्पताल श्रीनगर तथा अन्य घायलों को सीएचसी बागी पहुंचाने का अभ्यास किया गया।
समस्त मॉक ड्रिल की निगरानी कलेक्ट्रेट सभागार एवं जिला आपदा परिचालन केंद्र से की गई। यहां से सभी 10 स्थलों पर संचालित गतिविधियों की निगरानी के साथ सूचनाओं का आदान-प्रदान और संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया गया। मॉक ड्रिल में राजस्व, पुलिस, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य, अग्निशमन, वन विभाग, लोक निर्माण विभाग, बीआरओ, जल संस्थान, परिवहन विभाग, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, नगर निकायों, सीआईएसएफ, होमगार्ड, पीआरडी सहित अन्य संबंधित विभागों की टीमों ने प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर कलक्ट्रेट स्थित कंट्रोल रूम से अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश, अधिशासी अभियंता जल संस्थान सत्येंद्र गुप्ता, एआरटीओ राजेंद्र विराटिया, जिला पूर्ति अधिकारी मनोज डोभाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट, सीआईएसएफ से संजय ध्यानी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
