गंगोत्री हाईवे पर यात्रियों के वाहन मलबे में दबे, चार यात्रियों की मौत

उत्तराखंड

उत्तराखंड में आज भी मौसम खराब बना हुआ है। देर रात गंगोत्री हाईवे बंद होने के कारण यात्रियों के वाहन गंगनानी के समीप खड़े थे। तभी अचानक भूस्खलन हो गया और पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा एक टेम्पो ट्रेवल्स सहित तीन वाहनों पर गिर गया। मलबे में तीन वाहन दब गए। जिसमें एक महिला समेत चार लोगों की मौत हो गई। सभी यात्री मध्य प्रदेश के बताए जा रहे हैं। वहीं, अभी तक सात घायलों को अस्पताल भेजा गया है। मंगलवार सुबह हाईवे खुलने पर एसडीआरएफ की टीम पर भी मौके पर पहुंची। बीआरओ के अधिकारी मेजर वीएस वीनू ने बताया की भटवाड़ी से गंगनानी के बीच 20 किमी के क्षेत्र में गंगोत्री हाईवे पर सात स्थानों पर भूस्खलन हुआ था। जिसे पूरी रात तेज बारिश के बीच कड़ी मशक्कत के बाद खोला गया।

भटवाड़ी एसडीएम चत्तर सिंह चौहान ने बताया कि घटना में एक टेम्पो ट्रैवलर, एक टवेरा और एक स्विफ्ट डिजायर मलबे में दबे हैं। मृतकों में एक महिला भी शामिल है। सात घायलों में दो गंभीर हैं और पांच सामान्य घायल हैं। एसडीआरएफ की टीम मौके पर तैनात है। कोशिश है कि जल्द ही वाहनों को मलबे से निकाला जा सके। हाईवे पर लगातार पत्थर गिर रहे है। वहीं, बारिश के कारण बीच-बीच में रेस्क्यू रोकना पड़ रहा है।  यमुनोत्री धाम सहित यमुना घाटी में भी लगातार बारिश के चलते यमुना नदी समेत सहायक नदी और नाले उफान पर हैं। जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। मौसम विभाग ने आज प्रदेशभर में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। 

Epostlive.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *