
टिहरी: राजनीति
भगवा रंग में सराबोर टिहरी,
भाजपा की हुई उजपा, कुछ और चेहरे हो सकते हैं शामिल ,बदलेंगे समीकरण
स्थानीय चुनावों पर होगा असर,
प्रतिपक्ष की राजनीति के शून्य को भरने की चुनौती
कड़ाके की ठंड में टिहरी की राजनीति तेजी से गरमा रही है। उत्तराखंड के पूर्व कैबिनेट मंत्री दिनेश धनै सदल बल भाजपा में शामिल हो गये हैं। वह 2022 के विधानसभा चुनाव में मोदी लहर के बावजूद भाजपा के किशोर उपाध्याय से मात्र 951मतों से हारे थे। 2012 के चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी धनै ने कांग्रेस के किशोर उपाध्याय को हराया था। उसके बाद वह दो साल गढ़वाल मण्डल विकास निगम के अध्यक्ष और फिर हरीश रावत सरकार में पर्यटन मंत्री रहे थे।
बाद में उन्होंने उत्तराखंड जन एकता पार्टी (उजपा) के नाम से क्षेत्रीय दल का गठन किया। उजपा ने 2022 के विधानसभा चुनाव में टिहरी और ऋषिकेश सीटों पर चुनाव लड़ा था। टिहरी के भाजपा विधायक किशोर उपाध्याय से पार्टी के ही कई मजबूत नेता और कार्यकर्ता नाराज बताए जाते हैं।
इस नए राजनीतिक घटनाक्रम का सबसे ज्यादा असर स्थानीय नगर निकायों और पंचायतों के आगामी चुनावों पर पड़ने की बड़ी संभावना है। आने वाले दिनों में कुछ और नामदार चेहरों की भाजपा में घर वापसी और एण्ट्री की चर्चा है। हाल ही में थौलधार के पूर्व ब्लॉक प्रमुख और आप नेता जोत सिंह बिष्ट भाजपा में शामिल हुए हैं। यानी कभी लाल झण्डा थामने वाली टिहरी को अब लगभग पूरे भगवा रंग में रंगने की तैयारी है। बेशक राजनीति में प्रतिपक्ष के शून्य को भरने के लिए जुझारू तेवर वाले नेताओं की भरपूर गुंजाइश रहती है।