मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लिया राष्ट्रीय खेलो की तैयारियों का जायजा,उद्घाटन में 3 दिन बाकी

उत्तराखण्ड

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लिया राष्ट्रीय खेलो की तैयारियों का जायजा,उद्घाटन में 3 दिन बाकी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 28 जनवरी 2025 से उत्तराखण्ड में होने वाले 38वें राष्ट्रीय खेल की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। शनिवार को महाराणा प्रताप स्टेडियम देहरादून का स्थलीय निरीक्षण कर मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय खेलों के शुभारंभ के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान खेल मंत्री रेखा आर्या भी साथ थीं। राष्ट्रीय खेलों का शुभारंभ देहरादून में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करेंगे।

मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय खेल की तैयारियों की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिये कि खिलाड़ियों और आगन्तुकों की सुविधा के दृष्टिगत सभी व्यवस्थाएं बेहतर बनाई जाय। स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए। राष्ट्रीय खेलों के शुभारंभ अवसर पर जनपद और ब्लॉक स्तर पर एलईडी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि लोग लाइव प्रसारण सुगमता से देख सकें। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड को राष्ट्रीय स्तर पर अलग छवि बनाने का यह सुनहरा अवसर है।

सीएम ने कहा कि सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और अब हमें इस ऐतिहासिक पल का इंतजार है। पूरे देश के लोग भी राष्ट्रीय खेलों का इंतजार कर रहे हैं। इसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे और चूंकि राज्य मेजबान है, इसलिए राज्य के लोग उत्साहित हैं, सभी का स्वागत करेंगे और यह एक ऐतिहासिक आयोजन होगा। हमारी देवभूमि भी खेल भूमि के रूप में स्थापित होगी।

पीएम मोदी करेंगे राष्ट्रीय खेलों का शुभारंभ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 जनवरी को इन राष्ट्रीय खेलों का शुभारंभ करने के लिए देहरादून पहुंचेंगे। यह आयोजन राज्य के लिए गौरव का विषय है, और प्रशासन इस मौके को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए पूरी तैयारी में जुटा है।

खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों में इस आयोजन को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि उत्तराखंड इन खेलों का सफल आयोजन कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएगा।

Epostlive.com