
सू.वि.टिहरी
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में विकसित कृषि संकल्प अभियान कार्यक्रम की तैयारियों के सम्बम्ध में बैठक की गई आयोजित
भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय तथा भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के संयुक्त प्रयास से चलाये जाने वाले विकसित कृषि संकल्प अभियान (अनुसंधान किसान के द्वार) कार्यक्रम की तैयारियों के सम्बम्ध में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कृषि विज्ञान केन्द्र रानीचौरी के प्रभारी डॉं. आलोक येवले द्वारा बताया गया कि उक्त अभियान की शुरूआत उडीसा राज्य के पुरी स्थान (निकटवर्ती कृषि विज्ञान केन्द्र) से 29 मई 2025 को माननीय केन्द्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा की जायेगी। उन्होंने बताया कि जनपद में उक्त अभियान हेतु 05 टीमों का गठन किया गया है जो कि जनपद की 75 न्याय पंचायातों में दिनांक 29.05.2025 से 12.06.2025 तक 15 दिनों में कुल 150 ग्राम पंचायत स्तरीय कृषि वैज्ञानिक कार्यक्रम आयोजित किये जायेगें, जिसमें खरीफ की फसलों के उत्पादन एवं उत्पादकता को बढ़ाने के लिए कृषकों को कृषि एवं रेखीय विभागों के अधिकारियों, राज्य कृषि विश्वविद्यालयों तथा कृषि विज्ञान केन्द्र रानीचौरी के कृषि वैज्ञानिकों के संयुक्त रूप से ग्राम स्तर पर कृषक संवाद कार्यक्रम आयोजित कर वैज्ञानिकों द्वारा किसानों को अनुसंधान और तकनीकी जानकारी दी जायेगी।
इसके साथ ही अभियान के अन्तर्गत अन्य विभागों यथा पशुपालन, मत्स्य, उद्यान, रेशम, सहकारिता, समाज कल्याण, डेयरी, सिंचाई तथा लघु सिंचाई आदि विभागों द्वारा कृषकों को जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की जायेगी।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कृषि एवं अन्य सम्बन्धित विभागों को निर्देशो दिये गये कि उक्त अभियान की पूर्ण तैयारी करते हुये जनपद के अधिक से अधिक कृषकों का प्रतिभाग करते हुये लाभान्वित करना सुनिश्चित करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वरूणा अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी पीडी डीआरडीए पीएस चौहान, जिला विकास अधिकारी मौ. असलम, डीपीआरओ एमएम खान, कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी पवन कुमार काला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।