जनहित कार्यों की रीढ़ हैं, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां-कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या

सू.वि.टिहरी

‘‘जनहित कार्यों की रीढ़ हैं, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां-कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या।‘‘

“सरल और पारदर्शी चयन प्रकिया से होगी निष्पक्ष भर्तियां – जिलाधिकारी”

‘‘जनपद टिहरी में नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ती एवं सहायिकाओं को दिये गये नियुक्ति पत्र।‘‘

गुरूवार को खेल विभाग के सभागार नई टिहरी में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने जनपद टिहरी गढ़वाल में चयनित की गई आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस मौके पर महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्री का पद सिर्फ रोजगार का एक माध्यम नहीं बल्कि यह सेवा का एक बड़ा अवसर है। राज्य सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के मानदेय में सर्वाधिक बढ़ोतरी की है। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि प्रदेश में पहली बार आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं की भर्ती ऑनलाइन मोड में आयोजित की गई और इस पूरी प्रक्रिया को सिर्फ 3 महीने के समय में पूरा कर लिया गया। यह पारदर्शी और जीरो टॉलरेंस का कार्य है। उन्होंने कहा कि अब विभाग में आंगनबाड़ी कार्यकत्री व सहायिका के रूप में उच्च शिक्षित लड़कियां और महिलाएं आ रही हैं, जिससे निश्चित रूप से विभाग की कार्य क्षमता और कुशलता में बढ़ोतरी होगी। उन्होंने कहा कि हर साल आंगन बड़ी से महिलाएं सुपरवाइजर बने इसके लिए हम तत्पर है। यह वो क्षेत्र है जिसमें आपको पुण्य कमाने के लिए अलग से कही नहीं जाना है यहां कार्य करना आपको बहुत सुकून देगा।

महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग ने हाल ही में पूरे प्रदेश में 6330 आंगनबाड़ी सहायिकाओं और 722 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों यानी कुल मिलाकर 7052 पदों पर भर्ती की है। इनमें से लगभग 700 नियुक्ति टिहरी जनपद में की गई है।

टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि सबसे अधिक नियुक्तियां रेखा आर्य के विभाग से है और मंत्री जी ने बहुत सी सुविधाएं प्रदान की है, टिहरी बलिदानियों की नगरी है आप सब नव नियुक्त इसी भावना से काम करेंगी, यह आशा है।

जिलाधिकारी निकिता खण्डेलवाल ने सभी नव–नियुक्त कार्यकत्री और सहायिका को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस चयन प्रकिया को आगे भी सरल और पारदर्शी बनाया जाएगा जिससे कम से कम आपत्ति उत्पन्न हो और जनता में चयन प्रकिया के प्रति विश्वास बना रहे।

सीडीओ वरुणा अग्रवाल ने कहा कि देश की नींव महिला और बच्चों से ही होती है। जन्म से उनके पोषण और बाद में शिक्षा की जिम्मेदारी आंगनबाड़ी कार्यकत्री पर होती है। नियुक्ति के बाद आपके कार्य देश की नींव को मजबूत करेगी इसलिए टिहरी जनपद में लगन से कार्य करें।

इससे पूर्व जिला बाल विकास अधिकारी संजय गौरव ने वर्ष 2015 के बाद हुई नियुक्ति पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पहली बार ऑनलाइन आवेदन हुआ है, जिससे सुदूर गांव की महिलाओं ने भी आवेदन किया और कम से कम आपत्ति इस प्रकिया में प्राप्त हुई। लोगो के द्वारा इस चयन प्रकिया को पारदर्शी बताया गया। पहले आंगनबाड़ी कार्यकर्ती और आंगनबाड़ी सहायिकाओं की शैक्षिक योग्यता भी 12 ओर 10 में अपग्रेड हुई, जिसमें ज्यादातर महिलाएं स्नातक भी है।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष भाजपा उदय रावत, विनोद रतूड़ी, विभिन्न ब्लॉक के बाल विकास परियोजना अधिकारी, वन स्टॉप सेंटर से रश्मि बिष्ट, मिशन शक्ति योजना से सौरभ, विकास, संतोष, अखिल, आशीष, रमेश, जावेद, दिल चंद सिंह जनपद से सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका समेत महिला एवं बाल विकास विभाग का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

Epostlive.com