पंचायत चुनाव: राजनीति के मैदान में युवाओं का जलवा,बेटियों ने दर्ज की बड़ी जीत

उत्तराखंड

पंचायत चुनाव: राजनीति के मैदान में युवाओं का जलवा,बेटियों ने दर्ज की बड़ी जीत

उत्तराखंड के 12 जिलों में आज शाम तक त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025 के परिणाम घोषित किए जाएंगे। आज सुबह 8 बजे से मतगणना आरंभ हो गई। इस बार उत्तराखंड की जनता ने कई शिक्षित युवाओं को मौका दिया है, जिनमें से एक पौड़ी जिले की साक्षी भी शामिल है।
उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025 के कई रोचक परिणाम सामने आ रहे हैं। इस बार जनता ने कई शिक्षित युवाओं पर भरोसा कर उन्हें जिताया है। इसी क्रम में पौड़ी जिले की पाबौ ब्लॉक के कुई गांव में भी ग्रामीणों ने युवा प्रधान चुनी है। ग्रामीणों ने एक शिक्षित युवा पर भरोसा करते हुए 22 वर्षीय साक्षी को पंचायत चुनाव में जिताकर ग्राम प्रधान बनाया है। साक्षी ने पंचायत चुनाव जीतकर अपने गांव की सबसे युवा प्रधान होने की उपलब्धी प्राप्त की है।
बताया जा रहा है कि कुई गांव की साक्षी ने हाल ही में देहरादून से बीटेक की डिग्री प्राप्त की, जहाँ उसने अपनी पढ़ाई के दौरान अपने क्षेत्र के विकास का संकल्प लिया। जिस कारण साक्षी देहरादून से बीटेक की पढ़ाई पूरी करने के बाद गांव वापस आई। अपने संकल्प को पूरा करने के लिए साक्षी ने पंचायत चुनाव 2025 में ग्राम प्रधान के पद के लिए चुनाव लड़ा। कुई गांव के ग्रामीणों ने साक्षी पर भरोसा करते हुए उसे वोट देकर ग्राम प्रधान चुना।
साक्षी बताती हैं कि वो अपने गांव के विकास के लिए हर संभव कार्य करेंगी. वो गांव के विकास कार्य में अपने तकनीकी ज्ञान और शहरी अनुभव का भरपूर उपयोग करेंगी। उनका सपना है कि कुई गांव में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के नए आयाम विकसित हों, ताकि ग्रामीणों को कोई समस्याएं ना हो। वहीं ग्रामीणों ने साक्षी पर भरोसा करते हुए नई ऊर्जा और बदलाव की उम्मीद है।

22 वर्षीय ईशा भी बनी ग्राम प्रधान

इसके अलावा पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी के क्वीरी जिमियां गांव की 22 वर्षीय ईशा भी ग्राम प्रधान का चुनाव जीती हैं। क्वीरी जिमियां गांव से तीन उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरे थे। लेकिन ग्रामीणों ने युवा प्रत्याशी ईशा पर भरोसा करते हुए उसे चुनाव जिताया। ईशा ने बीए की डिग्री हासिल करने के बाद, वर्तमान में बीएड कर रही है। पहाड़ की जनता को उम्मीद है इन युवाओं पर वे अपनी शिक्षा का उपयोग करते हुए गांवों का विकास करेंगे।

सीएम धामी के आदर्श गांव को संवारेगी 21 साल की प्रियंका

कर्णप्रयाग गैरसैंण विकासखंड में मुख्यमंत्री के आदर्श गांव सारकोट गांव की कमान अब सबसे कम उम्र की युवती प्रियंका नेगी संभालेगी। 21 वर्ष 3 माह की प्रियंका नेगी प्रधान पद के लिए र्निवाचित हुई हैं। उन्होंने अपनी प्रतिद्वंदी प्रियंका देवी को हराकर विजय हासिल की। प्रियंका को 421 और प्रियंका देवी को 235 मत प्राप्त हुए। इससे पूर्व 2014-19 तक उनके पिता भी प्रधान पद पर र्निवाचित हो चुके है। प्रियंका नेगी ने गैरसैंण महाविद्यालय से राजनीति शास्त्र विषय में स्नातक किया है।

Epostlive.com