अल्मोड़ा
उत्तराखंड में बड़ा हादसा, अल्मोड़ा में खाई में गिरी बस 7 की मौत, 12 घायल,
उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में मंगलवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। द्वाराहाट से रामनगर जा रही एक यात्री बस भिकियासैंण क्षेत्र के सैलापानी के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में अब तक 7 यात्रियों की मौके पर ही मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस दुर्घटना में 7 यात्रियों के मौत की सूचना है. जबकि कई अन्य यात्रियों के गंभीर रूप से घायल होने की आशंका जताई जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन व राहत-बचाव दल मौके पहुंचा। घायलों को निकालकर उन्हें चिकित्सकीय सहायता के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
फिलहाल मृतकों की शिनाख्त की प्रक्रिया चल रही है। प्रशासन की ओर से हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर मोड़ पर नियंत्रण खोना या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोकाकुल परिवारों को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से कामना की। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को सख्त निर्देश दिए कि घायलों को तत्काल और उचित चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
