देहरादून की सड़कों पर कांग्रेस का हल्ला बोल, एक साथ जुटे पार्टी के दिग्गज नेता

देहरादून

देहरादून की सड़कों पर कांग्रेस का हल्ला बोल, एक साथ जुटे पार्टी के दिग्गज नेता

देहरादून की सड़कों पर उतरा कांग्रेस का जनसैलाब, बढ़ते अपराध, बिगड़ती कानून व्यवस्था लगातार हो रही जघन्य हत्याओं के विरोध में राजभवन कूच

राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था और लगातार हो रही जघन्य हत्याओं के विरोध में सोमवार को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए राजभवन कूच किया। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में परेड मैदान में हजारों कार्यकर्ता एकत्रित हुए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

16 फरवरी सोमवार को लोक भवन (राजभवन का नया नाम) कूच से पहले परेड ग्राउंड में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जन सैलाब उमड़ा. परेड ग्राउंड में कांग्रेस की तरफ से एक जनसभा का आयोजन किया गया. जनसभा कार्यक्रम में पार्टी के सभी बड़े नेता मौजूद रहे और बारी-बारी से मंच के माध्यम से अपने संबोधन से कार्यकर्ताओं का जोश भरते नजर आए.
रैली में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व सीएम हरीश रावत, कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ.हरक सिंह रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा समेत पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता भाजपा सरकार के खिलाफ हुंकार भरी।

कांग्रेस की प्रस्तावित रैली के चलते पुलिस ने रूट डायवर्जन प्लान लागू किया है। प्रदेश युवा कांग्रेस प्रभारी व राष्ट्रीय महासचिव सुरभि द्विवेदी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में अराजकता फैलाने व शांति भंग करने वालों के खिलाफ युवा कांग्रेस ढाल बनेगी। युवा कांग्रेस के मोहब्बत के सिपाही अराजक तत्वों से लोगों की सुरक्षा के लिए खड़े रहेंगे।

द्विवेदी ने कहा कि एक समय था जब देश दुनिया में देहरादून को सुरक्षित शहर के रूप में जाना जाता था लेकिन आज प्रदेश में अराजकता फैलाकर भय का माहौल बनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बजरंग दल जैसे संगठन धर्म के नाम पर हिंसा फैलाने का प्रयास कर रहे हैं और उन्हें सरकार का संरक्षण मिल रहा है। उन्होंने कहा, बजरंग दल पंजीकृत संगठन नहीं है।