दलेर मेहंदी विवाद पर अड़े वन मंत्री सुबोध उनियाल, बोले – इस्तीफा दे दूंगा, माफी नहीं मांगूंगा

उत्तराखंड

दलेर मेहंदी विवाद पर अड़े वन मंत्री सुबोध उनियाल, बोले – इस्तीफा दे दूंगा, माफी नहीं मांगूंगा

टिहरी कुंजापुरी मेले में पंजाबी गायक दलेर मेहंदी के साथ हुई कहासुनी का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। उत्तराखंड सरकार में वन मंत्री सुबोध उनियाल ने माफी मांगने से साफ इनकार कर दिया है। मंत्री ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि मैं इस्तीफा देना पसंद करूंगा, लेकिन माफी नहीं मांगूंगा। जीवन में सेल्फ रिस्पेक्ट सबसे जरूरी है।

मंत्री ने क्या कहा था?
कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल का बीते दिनों एक बयान वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने कहा था कि मुझे लगा दलेर मेहंदी नशे में हैं। वो नशा किस चीज का है ये मैं नहीं जानता। इतने बड़े कलाकार का मेडिकल नहीं करा सकता। बाद में पता चला कि उनकी तबीयत खराब थी। अगर तबीयत ठीक नहीं थी तो आयोजकों को बता देना चाहिए था या कार्यक्रम में नहीं आना चाहिए था।

मंत्री ने कहा था कि कार्यक्रम के लिए 35 लाख रुपये लिए गए और होटल की अलग व्यवस्था कराई गई। 45 मिनट तक जब परफॉर्मेंस नहीं हुई तो जनप्रतिनिधि होने के नाते टोकना पड़ा। कलाकार का सम्मान होना चाहिए, लेकिन कलाकार को भी अपने सम्मान का ध्यान रखना चाहिए।

18 अक्टूबर की रात क्या हुआ था?
18 अक्टूबर को टिहरी के कुंजापुरी मेले की सांस्कृतिक संध्या में दलेर मेहंदी प्रस्तुति दे रहे थे। आवाज लड़खड़ाने पर मंत्री सुबोध उनियाल मंच पर पहुंच गए और कहा – आपको इसलिए बुलाया गया था कि हमारे लोगों का एंटरटेनमेंट हो, आपसे ठीक से बोला भी नहीं जा रहा, गाना क्या गाएंगे। बड़े नाम की इज्जत रखनी चाहिए।

इस पर दलेर मेहंदी ने कहा था – सर आपने मुझे इज्जत से बुलाया है, रिक्वेस्ट है आप पंडाल में बैठ जाएं, हम अच्छी प्रस्तुति दे रहे हैं।

बॉलीवुड से आया विरोध, CM धामी ने की पहल

इस मामले के बाद बॉलीवुड सिंगर मीका सिंह, कपिल शर्मा समेत कई सेलेब्स ने मंत्री के व्यवहार का विरोध किया था। इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मीका सिंह और दलेर मेहंदी से फोन पर बात कर मामले को शांत करने की कोशिश की थी और कहा था कि गलतफहमी को संवाद से दूर किया जाना चाहिए।