उत्तराखंड
उत्तराखंड स्थापना दिवस पर CM धामी की बड़ी घोषणाएं! बनेगा युवा आयोग, इन कर्मचारियों का बढ़ेगा मानदेय
देहरादून / भराड़ीसैंण: उत्तराखंड के 26वें राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को कई बड़ी सौगातें देने की घोषणा की। सोमवार को भराड़ीसैंण विधानसभा परिसर में आयोजित राज्य स्थापना दिवस समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में जल्द ही युवा आयोग का गठन किया जाएगा।
इसके साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा कार्यकर्ताओं और भोजनमाताओं के मानदेय में 1 दिसंबर 2026 से वृद्धि की जाएगी। अतिथि शिक्षकों के मानदेय में भी बढ़ोतरी की जाएगी।
मुख्यमंत्री की इन घोषणाओं से प्रदेश के युवाओं, महिला कर्मियों और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
समारोह में आंदोलनकारियों का सम्मान
समारोह में मुख्यमंत्री ने राज्य आंदोलनकारियों को सम्मानित किया और आईटीबीपी, पुलिस, पीएसी तथा एनसीसी की टुकड़ियों के मार्चपास्ट की सलामी ली।
CM धामी की 5 बड़ी घोषणाएं
1. उत्तराखंड में जल्द युवा आयोग का गठन किया जाएगा।
2. आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय 1 दिसंबर 2026 से बढ़ेगा।
3. आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में भी 1 दिसंबर से वृद्धि होगी।
4. भोजनमाताओं के मानदेय में बढ़ोतरी की जाएगी।
5. अतिथि शिक्षकों का मानदेय भी बढ़ाया जाएगा।
‘पहाड़ का पानी और पहाड़ की जवानी अब पहाड़ के काम आ रही है’
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तराखंड के विकास को लेकर लंबे समय से कही जाने वाली कहावत ‘पहाड़ का पानी और पहाड़ की जवानी पहाड़ के काम नहीं आती’ अब बदल रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की युवा शक्ति और प्राकृतिक संसाधन राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
महिला सशक्तीकरण का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड में साढ़े तीन लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं।
कनेक्टिविटी और स्वास्थ्य पर जोर
मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखंड की विकास यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में सड़क, रेल, हवाई और रोपवे कनेक्टिविटी का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि रेल लाइन परियोजना का लगभग 85 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।
इसके साथ ही प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए नए मेडिकल कॉलेज स्थापित किए गए हैं और स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के विकास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लगातार मार्गदर्शन मिल रहा है। राज्य में कई राष्ट्रीय परियोजनाओं पर काम आगे बढ़ रहा है।


