टिहरी
न्यू टिहरी प्रेस क्लब में आयोजित होली मिलन कार्यक्रम में सीए श्री राजेश्वर पैन्यूली ने पत्रकारों को दी होली की शुभकामनाएं
न्यू टिहरी प्रेस क्लब में आयोजित होली मिलन कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं सीए श्री राजेश्वर पैन्यूली ने पत्रकारों को होली की शुभकामनाएं देते हुए वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति और अपना संकल्प स्पष्ट किया।
कार्यक्रम की शुरुआत में प्रेस क्लब की ओर से अध्यक्ष अनुराग उनियाल एवं समस्त पदाधिकारियों ने सीए राजेश्वर पैन्यूली तथा उनके साथ उपस्थित भाजपा मंडल अध्यक्ष नई दिल्ली श्री संजय तड़ियाल का शॉल, बुके और मोमेंटो भेंट कर स्वागत किया। पत्रकारों को संबोधित करते हुए श्री पैन्यूली ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का लक्ष्य 2027 में जनपद की सभी छह विधानसभा सीटों पर विजय प्राप्त करना है। उन्होंने कहा कि पिछली बार जो एक सीट पार्टी के खाते में नहीं आ सकी थी, उसे भी इस बार जीतने का पूरा प्रयास किया जाएगा। उन्होंने गढ़ निनाद से बात चीत में कहा कि पार्टी प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व और प्रदेश में मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami की सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों के आधार पर जनता के बीच जाएगी। उन्होंने मीडिया की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने में पत्रकारों का सहयोग आवश्यक है। एक प्रश्न के उत्तर में श्री पैन्यूली ने स्पष्ट किया कि वह प्रताप नगर से 2027 का विधानसभा चुनाव “शत-प्रतिशत” लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि इसकी तैयारी अभी से प्रारंभ कर दी गई है और वे निरंतर राजनीतिक रूप से सक्रिय रहेंगे। कार्यक्रम के अंत में श्री पैन्यूली ने सभी पत्रकारों को “पांचवें धाम” के रूप में विख्यात श्री सेम नागराजा मंदिर की फोटो भेंट की। इस अवसर पर स्टेट प्रेस क्लब उपाध्यक्ष गोविन्द बिष्ट, प्रेस क्लब अध्यक्ष अनुराग उनियाल, महामंत्री विजय गुसाईं, कोषाध्यक्ष धनपाल गुनसोला, निवर्तमान महामंत्री गोविंद पुंडीर, पूर्व अध्यक्ष विक्रम बिष्ट, उपाध्यक्ष अब्बल रमोला, संप्रेक्षक रोशन थपलियाल, कृष्ण स्वरूप डबराल, जगत तोपवाल, मुकेश रतूड़ी, श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के जिलाध्यक्ष बलबीर नेगी, प्रदीप डबराल, रजत प्रताप सिंह, विजय दास, लाखी सिंह रावत, संदीप बेलवाल, जोत सिंह बगियाल, सूर्य रमोला, अंकित मित्तल, ज्योति डोभाल, सुरेन्द्र भट्ट, पंकज भट्ट सहित अनेक पत्रकार और गणमान्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर प्रेस क्लब अध्यक्ष अनुराग उनियाल ने सभी को रंगों के पर्व होली की शुभकामनाएं देते हुए क्षेत्र की खुशहाली और प्रगति की कामना की। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री विजय गुसाई ने किया।
