मुख्य खबरे
कोटी कॉलोनी में सजा सांस्कृतिक फैशन शो, पारंपरिक वेशभूषा ने जीता दिल”
देवलसारी–गुजेठा नागटिब्बा ट्रेक में 82 ट्रैकर्स ने लिया प्रकृति और रोमांच का अनुभव
टिहरी लेक फेस्टिवल में मास्टर शेफ प्रतियोगिता, प्रतिभागियों ने दिखाया पाक-कला का हुनर”
देवप्रयाग वेधशाला में प्राचीन विज्ञान का साक्षात्कार, प्रतिभागियों ने जाना खगोलीय ज्ञान
ब्रह्मपुरी से खारास्रोत तक राफ्टिंग प्रतियोगिता में प्रोफेशनल व पर्यटकों का दिखा दमखम ‘हिमालय O2
टिहरी झील महोत्सव–2026: प्रतापनगर राजमहल में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन
थात से खैंट पर्वत तक 10 किलोमीटर ट्रैक सफलतापूर्वक संपन्न
सू.वि.टिहरी
“टिहरी लेक फेस्टिवल–2026 के अंतर्गत ग्रुप फैशन शो का सफल आयोजन”
“टिहरी लेक फेस्टिवल में संस्कृति की झलक—ग्रुप फैशन शो में प्रतिभागियों ने बिखेरा रंग”
“कोटी कॉलोनी में सजा सांस्कृतिक फैशन शो, पारंपरिक वेशभूषा ने जीता दिल”
“पारंपरिक पहनावे की छटा से सजा मंच, ग्रुप फैशन शो में दिखी उत्तराखण्ड की संस्कृति”
टिहरी लेक फेस्टिवल–2026 के अंतर्गत कोटी कॉलोनी कार्यक्रम स्थल पर ग्रुप फैशन शो का सफल आयोजन किया गया। फैशन शो की प्रस्तुति भेष-भूषा, पहनावा, भाषा और संस्कृति की थीम पर आधारित रही, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्तराखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया।
शनिवार को आयोजित इस प्रतियोगिता के प्रथम चरण में 22 दलों ने प्रतिभाग किया। इनमें से चयनित 7 दलों ने दूसरे चरण में अपनी प्रस्तुति दी। प्रतियोगिता के अंतिम परिणाम में देवस्थाली दल ने प्रथम स्थान, पछयाण दल ने द्वितीय स्थान तथा अल्पाइन दल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
सभी विजेता दलों को महामहिम राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से. नि.) द्वारा विजेता धनराशि के चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
“देवलसारी–गुजेठा नागटिब्बा ट्रेक में 82 ट्रैकर्स ने लिया प्रकृति और रोमांच का अनुभव”
“नागटिब्बा ट्रेक रूट पर ट्रैकिंग, पर्यटकों ने निहारी हिमालय की जैव विविधता”
“देवलसारी–नागटिब्बा ट्रेक में देशभर से आए ट्रैकर्स, प्रकृति के बीच रोमांच का अनुभव”
टिहरी झील महोत्सव–2026 ‘हिमालय O2’ के अंतर्गत दिनांक 08 मार्च 2026 को नागटिब्बा ट्रेक रूट पर देवलसारी से गुजेठा तक लगभग 4.5 किलोमीटर की ट्रेकिंग सफलतापूर्वक आयोजित की गई।
इस ट्रेकिंग में कुल 82 प्रतिभागियों के दल ने भाग लिया। सभी ट्रेकर्स प्रातः देवलसारी महादेव मंदिर में दर्शन करने के उपरांत सुबह 8 बजे औतन गांव होते हुए गुजेठा नागटिब्बा के लिए रवाना हुए। ट्रेकिंग दल को औतन गांव के सम्मानित नागरिकों द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। ट्रेकिंग दल में देश के विभिन्न राज्यों तथा उत्तराखंड के विभिन्न जिलों से आए पर्यटक शामिल थे, जिनमें टिहरी जनपद के पर्यटकों की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही।
इस अवसर पर पहाड़ी पेडलर की टीम द्वारा स्थानीय युवाओं एवं बच्चों के लिए एक एडवेंचर जोन तैयार किया गया, जिसमें जिपलाइन, वैली क्रॉसिंग और टीम बिल्डिंग से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां करवाई गईं। स्थानीय बच्चों ने इन गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम में शामिल 15 वर्षीय अदिति रमोला, 21 वर्षीय दृष्टिबाधित दीपांशु पालीवाल, 64 वर्षीय विनोद सकलानी एवं 60 वर्षीय अरुण कुमार ने इस आयोजन को लेकर विशेष उत्साह व्यक्त किया।
नेचर कनेक्ट के संस्थापक अजय कंडारी ने बताया कि इन गतिविधियों में स्थानीय बच्चों ने सक्रिय रूप से भाग लिया तथा भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजनों को जारी रखने का आग्रह किया। उनकी टीम के सदस्य अंशुल, कृष्ण और नितिन थापा ने बताया कि रोमांचक खेलों के माध्यम से बच्चों में टीम भावना विकसित कर उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा दी जा सकती है।
रात्रि के समय संदीप गुसाईं द्वारा प्रतिभागियों को उत्तराखण्ड की लोक कथाएं सुनाई गईं। वहीं होमस्टे संचालक अरुण गौड़ ने प्रकाश बल्ब की सहायता से कीट-पतंगों का अवलोकन कराया और उनके बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रकृति पर्यटन के क्षेत्र में रोजगार की अपार संभावनाएं हैं और इसे एक करियर के रूप में भी अपनाया जा सकता है।
ट्रेकिंग के दौरान वन विभाग के सहायक वन संरक्षक दिनेश नौडियाल, वन क्षेत्राधिकारी देवलसारी लतिका, डिप्टी रेंजर देवलसारी तथा स्थानीय बर्ड वॉचर अरुण गौड़ के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने बर्ड वॉचिंग, मॉथ वॉचिंग तथा क्षेत्र की समृद्ध जैव विविधता का अवलोकन किया। दूसरी ओर प्रियंका बिष्ट ने एक समूह को योगाभ्यास करवाया तथा वेलनेस टूरिज्म के महत्व के बारे में बताया।
इस ट्रेक का मुख्य उद्देश्य राज्य में साहसिक पर्यटन, धार्मिक पर्यटन, वेलनेस टूरिज्म तथा इको टूरिज्म को बढ़ावा देना है। ट्रेक के दौरान प्रतिभागियों ने देवदार, बाँज, बुरांश, चीड़ सहित अनेक हिमालयी वनस्पतियों को देखा तथा हिमालयन ग्रिफॉन, हिमालयन बुलबुल, लॉन्ग-टेल्ड मिनिवेट, स्ट्रीक्ड लाफिंगथ्रश जैसे पक्षियों का अवलोकन किया। इसके अतिरिक्त कॉमन क्रो, ग्राम ब्लू तथा राज्य की तितली ‘कॉमन पीकॉक’ सहित विभिन्न हिमालयी तितलियों के सुंदर दृश्य भी देखने को मिले। ट्रेक में शामिल पर्यटकों ने इस ट्रेक रूट की प्राकृतिक सुंदरता की सराहना की।
इस अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से नोडल अधिकारी धनौल्टी एवं जिला उद्यान अधिकारी अरविंद शर्मा, पौधशाला विकास अधिकारी राहुल राणा, तहसीलदार धनौल्टी विरम सिंह पंवार, उपकोषाधिकारी थत्यूड़ ऋषिपाल सिंह तथा ग्राम सभा औतन के नागरिक उपस्थित रहे।
ट्रेक की समाप्ति के उपरांत सभी प्रतिभागियों को प्रमाण–पत्र प्रदान किए गए।
“स्वाद और हुनर का संगम—टिहरी लेक फेस्टिवल में मास्टर शेफ प्रतियोगिता संपन्न”
“मास्टर शेफ प्रतियोगिता के विजेताओं को किया गया सम्मानित”
“टिहरी लेक फेस्टिवल में मास्टर शेफ प्रतियोगिता, प्रतिभागियों ने दिखाया पाक-कला का हुनर”
“टिहरी लेक फेस्टिवल–2026: मास्टर शेफ प्रतियोगिता में रघु के सिंह अव्वल”
टिहरी लेक फेस्टिवल–2026 के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं की श्रृंखला में मास्टर शेफ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपने कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के परिणामों में रघु के सिंह ने प्रथम स्थान वीरपाल ने द्वितीय स्थान तथा विजेंद्र रावत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं महिला मास्टर शेफ प्रतियोगिता में सरिता भंडारी ने प्रथम, रेनू ने द्वितीय तथा सुलोचना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इमर्जिंग कैटेगरी में प्रथम स्थान पर प्रतीक जोशी, द्वितीय स्थान पर कुणाल रावत तथा तीसरे स्थान विनीता प्रजापति रहे।
सभी विजेताओं को महामहिम राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से. नि.) द्वारा विजेता धनराशि के चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
“देवप्रयाग की ऐतिहासिक नक्षत्र वेधशाला में हुए प्राचीन विज्ञान के दर्शन”
“देवप्रयाग की नक्षत्र वेधशाला में खगोलीय रहस्यों से रूबरू हुए ‘हिमालय O2’ महोत्सव के प्रतिभागी”
“देवप्रयाग वेधशाला में प्राचीन विज्ञान का साक्षात्कार, प्रतिभागियों ने जाना खगोलीय ज्ञान”
“देवप्रयाग में ‘एस्ट्रो-टूरिज्म’ की पहल, नक्षत्र वेधशाला में प्रतिभागियों ने समझे खगोलीय यंत्र”
टिहरी महोत्सव 2026 “हिमालय O2” के अंतर्गत आयोजित गतिविधियों की कड़ी में महोत्सव के 20 प्रतिभागियों और आगंतुकों ने देवप्रयाग स्थित सुप्रसिद्ध नक्षत्र वेधशाला का भ्रमण कर भारतीय खगोल विज्ञान की समृद्ध विरासत का साक्षात्कार किया।
जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल की पहल पर आयोजित इस विजिट का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को हिमालयी क्षेत्र में छिपे प्राचीन वैज्ञानिक ज्ञान और ऐतिहासिक धरोहरों से रूबरू कराना रहा। वेधशाला पहुँचने पर सभी आगंतुकों का स्वागत किया गया, जहाँ उन्होंने सदियों पुराने खगोलीय यंत्रों और दुर्लभ अभिलेखों को देखकर आश्चर्य व्यक्त किया।
वेधशाला के प्रबंधक डॉ. प्रभाकर जोशी ने इस दौरान विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यह केंद्र प्राचीन काल से ही काल-गणना और खगोलीय घटनाओं के सटीक आकलन का मुख्य आधार रहा है। उन्होंने यहाँ सुरक्षित रखी गई बहुमूल्य पांडुलिपियों, प्राचीन चंद्र घटी, सूर्य घटी और जल घटी सहित तमाम ऐतिहासिक उपकरणों के कार्य करने की तकनीक को विस्तार से समझाया।
प्रतिभागियों ने विशेष रूप से सूर्य घटी के माध्यम से समय की सटीक गणना के प्राचीन भारतीय विज्ञान को गहराई से समझा। डॉ. जोशी ने बताया कि यहाँ उपलब्ध पांडुलिपियाँ न केवल ज्योतिष बल्कि गणित और खगोल शास्त्र के क्षेत्र में हमारे पूर्वजों की महानता का जीवंत प्रमाण हैं।
महोत्सव के तहत की गई इस ज्ञानवर्धक यात्रा ने प्रतिभागियों को यह समझने का अवसर दिया कि ‘हिमालय O2’ केवल प्रकृति और स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारी बौद्धिक संपदा के संरक्षण का भी अभियान है।
भ्रमण के दौरान प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षाविद और बड़ी संख्या में जिज्ञासु युवा मौजूद रहे। आगंतुकों ने वेधशाला की ऐतिहासिक वस्तुओं के संरक्षण और डॉ. प्रभाकर जोशी द्वारा दिए गए ज्ञानपरक व्याख्यान की सराहना करते हुए इसे महोत्सव का सबसे यादगार अनुभव बताया। इस यात्रा के माध्यम से देवप्रयाग को न केवल एक धार्मिक पर्यटन केंद्र, बल्कि ‘एस्ट्रो-टूरिज्म’ (खगोलीय पर्यटन) के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने पर भी जोर दिया गया।
इस मौके पर द हिडेन हिमालय संस्था के इन्सटेक्टर धीरज महर, दीपक, योग टीचर साक्षी सेमवाल, नरेश नेगी, अंकित, दीपक सिंह आदि लोग मौजूद थे।
“ब्रह्मपुरी से खारास्रोत तक राफ्टिंग प्रतियोगिता में प्रोफेशनल व पर्यटकों का दिखा दमखम ‘हिमालय O2′”
“गंगा की लहरों पर रोमांच—ब्रह्मपुरी से खारास्रोत तक राफ्टिंग प्रतियोगिता”
“गंगा की धाराओं में साहस का संगम, राफ्टिंग प्रतियोगिता में 100 प्रतिभागियों का रोमांच”
“एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा—गंगा में ब्रह्मपुरी–खारास्रोत राफ्टिंग प्रतियोगिता आयोजित”
टिहरी- जिला प्रशासन टिहरी गढ़वाल के विशेष प्रयासों से संचालित टिहरी झील महोत्सव 2026 हिमालय ओ2 के तीसरे दिन ब्रह्मपुरी से खारास्रोत तक जल में साहस का अद्भुत संगम देखने को मिला।
गंगा की लहरों की कलकल ध्वनि के बीच ब्रह्मपुरी से खारास्रोत तक रिवर राफ्टिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।जिसका शुभारंभ उपजिलाधिकारी नरेंद्रनगर आशीष घिल्डियाल,नगर पालिका परिषद अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण,नगर पंचायत अध्यक्ष तपोवन विनीता बिष्ट द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
एक ओर जहाँ रिवर राफ्टिंग कर रहे युवा एक दूसरे का साहस,मनोबल बढ़ा रहे थे, वहीं दूसरी तरफ रिवर के आस पास प्रकृति का अद्भुत नजारा दिखाई दे रहा था और युवाओं के साहस और रोमांच की अनोखी पराकाष्ठा देखने को मिली। जिसमें लगभग 100 राफ्टिंग प्रतिभागियों ने इस प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया।
आपको बताते चले कि ब्रह्मपुरी-खारास्रोत के बीच गंगा में राफ्टिंग प्रतियोगिता आयोजित हुई। जिसमें प्रोफेशनल और पर्यटक श्रेणी में प्रतिभागियों ने दमखम दिखाया।
टिहरी गढ़वाल जनपद में गंगा नदी के ब्रह्मपुरी से खारास्रोत के बीच इन दिनों रिवर राफ्टिंग का रोमांच पर्यटकों का आकर्षित बनाये हुआ है। साहसिक पर्यटन के इस प्रमुख रूट पर देश-विदेश से आने वाले पर्यटक गंगा की तेज धाराओं के बीच राफ्टिंग का आनंद लेते हैं।
ब्रह्मपुरी से खारास्रोत तक लगभग 9 किलोमीटर का राफ्टिंग मार्ग है, जिसे शुरुआती और सामान्य रोमांच चाहने वाले पर्यटकों के लिए उपयुक्त माना जाता है। इस रूट पर राफ्टिंग के दौरान पर्यटकों को गंगा के हल्के-फुल्के रैपिड्स और प्राकृतिक सुंदरता का अनुभव मिलता है।
पर्यटन विभाग और गंगा राफ्टिंग प्रबंधन समिति की देखरेख में राफ्टिंग गतिविधियां संचालित की जाती हैं। सुरक्षा के लिए प्रशिक्षित गाइड, लाइफ जैकेट और कयाकर्स भी तैनात रहते हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता मिल सके।
उप जिलाधिकारी नरेंद्रनगर आशीष घिल्डियाल ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन युवाओं को जल साहसिक क्रीड़ा की ओर प्रेरित करता हैं। रिवर राफ्टिंग जैसी गतिविधियों करने का मुख्य उद्देश्य पर्यटन स्थलों को एक नये डेस्टिनेशन रूप में विकसित करना हैं और स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध हो इस तरफ भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, साथ ही राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खेलों का आयोजन इन स्थानों पर किया जा सके।
गंगा नदी राफ्टिंग प्रबंधन समिति के अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि जल साहसिक क्रीड़ा में इस तरह के आयोजनों से रिवर राफ्टिंग जैसी गतिविधियों का अधिक महत्व मिलता है और ब्रह्मपुरी से खारास्रोत तक रिवर राफ्टिंग के लिए सबसे सुरक्षित नदी रूट हैं।
रिवर राफ्टिंग प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे सहदेव राणा ने बताया कि मेरा रिवर राफ्टिंग का यहां अनुभव सबसे रोमांच और साहसी रहा।और आगे भी इस तरह के आयोजन होते रहे तो हम जैसे युवाओं को एक मंच मिलेगा।
रिवर राफ्टिंग प्रतिभागी रविंद्र रावत ने बताया कि राफ्टिंग के शुरुआती प्रशिक्षण में इस तरह के आयोजन सबसे महत्वपूर्ण होते हैं जिसमें साहस,ताकत का परिचय दिया जाता हैं।
इस प्रतियोगिता में प्रोफेशनल कैटेगरी में सहदेव राणा प्रथम, पंकज राणा द्वितीय एवं प्रीतम सिंह तृतीय स्थान पर रहे। साथ ही टूरिस्ट कैटेगरी में जीएमवीएन प्रथम, संगम एडवेंचर द्वितीय एवं रिवर एक्सप्लोरर तृतीय स्थान पर रहे। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को एक लाख की धनराशि, द्वितीय को पचास हजार और तृतीय को पच्चीस हजार रुपए की धनराशि प्रदान की गई।
साहसिक खेलों के प्रोत्साहन हेतु इस तरह जल साहसिक क्रीड़ा ने क्षेत्र में एडवेंचर टूरिज्म की नई संभावनाओं को जन्म दिया है।
इस अवसर डीएफओ नरेंद्रनगर दिगंथ नायक,तहसीलदार अयोध्या प्रसाद उनियाल,पटवारी तपोवन निधि थपलियाल, बीडीओ श्रुति वत्स, गंगा राफ्टिंग एसोसिएशन के सदस्य,गाइड एसोसिएशन के सदस्य, पुलिस विभाग से सचिन पुण्डीर, राजस्व विभाग,वन दारोगा अंजलि, पंकज भट्ट एवं मीडियाकर्मी उपस्थित रहे।
“प्रतापनगर राजमहल में सजी सांस्कृतिक संध्या”
“प्रतापनगर राजमहल में संस्कृति और विज्ञान का संगम, टिहरी झील महोत्सव में रंगारंग कार्यक्रम”
“टिहरी झील महोत्सव में छात्रों की शानदार प्रस्तुतियाँ, लोकगायक धनराज शौर्य ने बांधा समा”
“टिहरी झील महोत्सव–2026: प्रतापनगर राजमहल में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन”
टिहरी झील महोत्सव–2026 के अंतर्गत आयोजित विभिन्न रंगारंग कार्यक्रमों की श्रृंखला में प्रतापनगर राजमहल में कल देर सांय क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने एकल गीत, समूह गायन, एकल नृत्य, समूह नृत्य तथा नाटक जैसी विभिन्न विधाओं में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
इसके पश्चात लोकगायक धनराज शौर्य एवं उनकी टीम द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई, जिसका स्थानीय दर्शकों ने जमकर आनंद लिया और कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत एस्ट्रॉनॉमी (खगोल विज्ञान) गतिविधि भी आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को दूरबीन की सहायता से स्क्रीन पर अनेक खगोलीय पिंडों को दिखाया गया तथा उनके बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। इस गतिविधि में छात्र-छात्राओं के साथ-साथ स्थानीय जनता ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम विधायक प्रतापनगर विक्रम सिंह नेगी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला, प्रमुख क्षेत्र पंचायत प्रतापनगर मनीषा पंवार, ज्येष्ठ उप प्रमुख प्रकाश रमोला, नगर पंचायत अध्यक्ष लम्बगांव रोशन रागड़, जिला पंचायत सदस्य विजय देवी, लक्ष्मी देवी सहित क्षेत्र के प्रधानगण, क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं अन्य जनप्रतिनिधि ग्रामीण व विभिन्न विद्यालयों के छात्र छात्रा उपस्थित रहे।
“टिहरी लेक फेस्टिवल–2026: थात से खैंट पर्वत तक 10 किलोमीटर ट्रैक सफलतापूर्वक संपन्न”
टिहरी लेक फेस्टिवल–2026 के तीसरे दिन निर्धारित कार्यक्रमों के अंतर्गत प्रतापनगर क्षेत्र के थात से खैंट पर्वत तक 10 किलोमीटर (आना–जाना) का पैदल ट्रैक सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस ट्रैकिंग अभियान में कुल 38 सदस्यीय दल ने प्रतिभाग किया, जो सुरक्षित रूप से ट्रैक पूरा कर अपने गंतव्य पर वापस पहुंच गए।
ट्रैक के दौरान प्रतिभागियों को क्षेत्र के खूबसूरत वन क्षेत्र, प्राकृतिक सौंदर्य तथा हिमालय की विहंगम पर्वत श्रृंखलाओं के मनमोहक दृश्य देखने को मिले। इस रोमांचक यात्रा ने प्रतिभागियों को प्रकृति के करीब आने और क्षेत्र की पर्यटन संभावनाओं को समझने का अवसर प्रदान किया।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला द्वारा प्रतिभागियों के दल को रवाना किया, उन्होंने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार के ट्रैकिंग कार्यक्रम युवाओं में साहसिक खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ पर्यटन को भी बढ़ावा देते हैं।
ट्रैकिंग में भाग लेने वाले युवाओं में कोनिका, राहुल, सोनी रतूड़ी, नरेश उनियाल, प्रवीण सिंह पंवार, अरविंद भट्ट सहित अन्य प्रतिभागी शामिल रहे। प्रतिभागियों ने ट्रैक के दौरान प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेते हुए पूरे उत्साह और ऊर्जा के साथ यात्रा पूर्ण की। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं आयोजन से जुड़े अन्य लोग भी उपस्थित रहे।
