उत्तराखंड
उत्तरखंड: धामी कैबिनेट का हुआ विस्तार, इन पांच नए मंत्रियों ने ली शपथ
धामी मंत्रिमंडल में पांच नए मंत्रियों की एंट्री हो गई है. लोक भवन में शुक्रवार की सुबह 10:00 बजे नव नियुक्त कैबिनेट मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया. शपथ ग्रहण समारोह के दौरान राज्यपाल गुरमीत सिंह ने पांच विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई. ऐसे में अब धामी मंत्रिमंडल में मंत्रियों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है. राज्यपाल ने विधायक मदन कौशिक, भरत चौधरी, प्रदीप बत्रा, राम सिंह कैड़ा और खजान दास को मंत्री पद की शपथ दिलाई.
अब मंत्रिमंडल में सीएम समेत 12 सदस्य हो गए हैं। राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल रिटा. गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मौजूद रहे।
इन विधायकों को धामी मंत्रिमंडल में मिली जगह
रुद्रप्रयाग विधानसभा सीट से विधायक भरत चौधरी को कैबिनेट मंत्री बनाया गया.
रुड़की विधानसभा सीट से विधायक प्रदीप बत्रा को कैबिनेट मंत्री बनाया गया.
हरिद्वार विधानसभा सीट से विधायक मदन कौशिक को कैबिनेट मंत्री बनाया गया.
राजपुर विधानसभा सीट से विधायक खजान दास को कैबिनेट मंत्री बनाया गया.
भीमताल विधानसभा सीट से विधायक राम सिंह कैड़ा को कैबिनेट मंत्री बनाया गया.
पांच पद थे खाली
धामी सरकार में मंत्रिमंडल में कुल पांच पद खाली थे। एक पद मंत्री चंदन रामदास के निधन और दूसरा पद प्रेमचंद अग्रवाल के इस्तीफे के बाद खाली हुआ था। वहीं मंत्रियों के तीन पद पहले से खाली चल रहे थे।
नवरात्रि पर कैबिनेट विस्तार महत्वपूर्ण
नवरात्र के दूसरे दिन इस विस्तार को अंजाम देना भी प्रतीकात्मक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. इसे एक नई शुरुआत और सरकार के आगामी रणनीतिक कदम के तौर पर देखा जा रहा है. आने वाले समय में इन नए मंत्रियों की भूमिका सरकार के कामकाज और राजनीतिक समीकरणों पर असर डाल सकती है.
