टिहरी
“ब्रांडिंग व मार्केटिंग प्रशिक्षण से सशक्त होंगे ग्रामीण उद्यम
REAP परियोजना के तहत CLF स्टाफ का प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न”
“ग्रामोत्थान की दिशा में पहल: व्यवसाय योजना व विपणन पर प्रशिक्षण आयोजित”
“ग्रामीण उत्पादों को मिलेगी नई पहचान, CLF प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन”
“प्रशिक्षण कार्यक्रम से मजबूत होंगे ग्रामीण संगठन और स्वरोजगार के अवसर”
टिहरी गढ़वाल जनपद के तीन विकासखंडों के क्लस्टर लेवल फेडरेशन (CLF) के स्टाफ एवं पदाधिकारियों हेतु व्यवसाय योजना, ब्रांडिंग एवं मार्केटिंग विषयों पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हुआ।
कार्यक्रम में जनपद के तीन ब्लॉकों से लगभग 60 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। यह कार्यक्रम ग्रामीण उद्यम वेग वृद्धि परियोजना – ग्रामोत्थान (REAP) के अंतर्गत किया गया। ग्राम्य विकास विभाग के अंतर्गत चलने वाला यह कार्यक्रम आईफैड (IFAD) द्वारा वित्त पोषित है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में ग्रामीण उद्यमियों के लिए ब्रांडिंग एवं मार्केट एक्सेस ट्रेनर तथा सस्टेनेबल अल्टरनेटिव्स के संस्थापक अध्यक्ष अवनीश कुमार द्वारा प्रतिभागियों को शासन व्यवस्था, व्यवसाय नियोजन, उत्पाद ब्रांडिंग, विपणन रणनीतियों एवं बाजार से जुड़ाव के व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया। उन्होंने कहा कि आज के समय में ग्रामीण उत्पादों को बेहतर पहचान दिलाने के लिए ब्रांडिंग और सही बाजार तक पहुंच अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित खंड विकास अधिकारी चंबा शाकिर हुसैन ने कहा कि सरकार गांवों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा यह प्रशिक्षण कार्यक्रम CLF पदाधिकारियों के कौशल विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने प्रतिभागियों से प्राप्त ज्ञान का उपयोग अपने-अपने क्षेत्रों में ग्रामीण आजीविका सुदृढ़ करने हेतु करने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के द्वितीय दिवस पर ग्रामोत्त्थान रूरल एंटरप्राइज एक्सेलेरेशन प्रोजेक्ट (REAP), टिहरी गढ़वाल, उत्तराखंड के जिला परियोजना प्रबंधक ब्रह्मकांत भट्ट ने प्रतिभागियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण नेतृत्व को सशक्त बनाने, स्थानीय उद्यमों को गति देने तथा स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करने में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होंगे। उन्होंने आशा व्यक्त की कि प्रतिभागी प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान को व्यवहार में लाकर अपने संगठनों को नई दिशा देंगे।
कार्यक्रम के सफल संचालन में ज्ञानेन्द्र सिंह चौहान, सहायक प्रबंधक, संस्थाएं एवं समावेश तथा मनमोहन सिंह चौहान, सहायक प्रबंधक, सेल्स की विशेष भूमिका रही। प्रतिभागियों ने कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी, प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक बताया।
