देवप्रयाग को मिली बड़ी स्वास्थ्य सौगातः सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अल्ट्रासाउंड सेवा शुरू

टिहरी

देवप्रयाग को मिली बड़ी स्वास्थ्य सौगातः सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अल्ट्रासाउंड सेवा शुरू

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, देवप्रयाग में गर्भवती महिलाओं एवं अन्य मरीजों को आधुनिक एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अल्ट्रासाउंड मशीन का विधिवत शुभारंभ  विधायक  विनोद कंडारी द्वारा किया गया। इस शुभ अवसर पर अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ० चन्दन कुमार मिश्रा, डॉ० रचित गर्ग रेडियोलॉजिस्ट, डॉ० आकाश दीप चिकित्सा अधीक्षक सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र देवप्रयाग, अन्य क्षेत्रीय गणमान्य व्यक्ति तथा जन समूह उपस्थित रहा। यह महत्वपूर्ण सुविधा माह के द्वितीय एवं चतुर्थ शुक्रवार को उपलब्ध रहेगी इस सेवा के प्रारंभ होने से क्षेत्रीय जनता को अब स्थानीय स्तर पर ही अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा प्राप्त होगी, जिससे मरीजों को जांच हेतु अन्य स्थानों पर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

अल्ट्रासाउंड सेवा विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं की समय-समय पर आवश्यक जांच, सुरक्षित मातृत्व सेवाओं की निगरानी तथा उच्च जोखिम गर्भावस्था की समय पर पहचान में अत्यत सहायक सिद्ध होगी। इसके अतिरिक्त अन्य सामान्य एवं गंभीर रोगों से संबंधित जांचों में भी यह मशीन मरीजों के लिए लाभकारी रहेगी।

इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा कहा गया कि राज्य सरकार एवं स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य ग्रामीण एवं पर्वतीय क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाए पहुंचाना है, ताकि आमजन को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं अपने निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पर उपलब्ध हो सकें।

स्थानीय जनता ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, देवप्रयाग में अल्ट्रासाउंड सुविधा प्रारंभ होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के लिए अत्यंत उपयोगी एवं जनहितकारी पहल बताया।