तपोवन में देर रात सड़क पर हुड़दंग मचाना पड़ा भारी — टिहरी पुलिस ने चार युवकों को किया गिरफ्तार

टिहरी

तपोवन में देर रात सड़क पर हुड़दंग मचाना पड़ा भारी — टिहरी पुलिस ने चार युवकों को किया गिरफ्तार

कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने एवं आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत टिहरी पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है।

दिनांक 19.05.2026 की रात्रि पुलिस चौकी तपोवन को सूचना प्राप्त हुई कि आनंद धाम वाली गली, लक्ष्मण झूला रोड सीडी मार्ग पर कुछ युवक राहगीरों पर छींटाकशी कर अभद्रता एवं हुड़दंग कर रहे हैं, जिससे क्षेत्र में भय एवं अव्यवस्था का माहौल उत्पन्न हो गया है।

सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी तपोवन उ0नि0 प्रवीन रावत पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे, जहां चार युवक सार्वजनिक मार्ग पर उत्पात मचाते हुए पाए गए। पुलिस एवं स्थानीय लोगों द्वारा समझाने का प्रयास किए जाने पर भी उक्त युवक शांत नहीं हुए तथा राहगीरों के साथ मारपीट पर उतारू हो गए।

स्थिति की संवेदनशीलता एवं किसी बड़ी घटना की आशंका को देखते हुए पुलिस द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए चारों युवकों को हिरासत पुलिस में लिया गया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मौके पर शांति व्यवस्था बहाल की गई तथा स्थानीय लोगों एवं यात्रियों ने राहत महसूस की।

चारों अभियुक्तों का मेडिकल परीक्षण कराकर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया.

टिहरी पुलिस जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, अभद्रता एवं कानून व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।