टिहरी में पीसीपीएनडीटी समिति की बड़ी कार्रवाई, घनसाली स्थित अल्ट्रासाउंड केंद्र की मशीन सील

टिहरी

टिहरी में पीसीपीएनडीटी समिति की बड़ी कार्रवाई, घनसाली स्थित अल्ट्रासाउंड केंद्र की मशीन सील

टिहरी  में पीसीपीएनडीटी समिति द्वारा अवैध गतिविधियों एवं नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को समिति ने घनसाली के चमयाला रोड स्थित उत्तराखंड डायग्नोस्टिक अल्ट्रासाउंड केंद्र पर औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान नियमों में अनियमितताएं पाए जाने पर समिति ने केंद्र की अल्ट्रासाउंड मशीन को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। साथ ही केंद्र संचालक को नोटिस जारी करने की कार्यवाही भी प्रारंभ कर दी गई है।

समिति ने बताया कि इससे पूर्व भी घनसाली बाजार स्थित स्मृति नर्सिंग होम एवं श्रीराम डायग्नोस्टिक सेंटर के अल्ट्रासाउंड लाइसेंस नियमों के उल्लंघन के कारण निरस्त किए जा चुके हैं।

पीसीपीएनडीटी समिति ने स्पष्ट किया है कि भ्रूण लिंग जांच एवं अन्य अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी केंद्र के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

औचक निरीक्षण के दौरान तहसीलदार घनसाली श्री हरीश जोशी, एसीएमओ टिहरी गढ़वाल डॉ. चन्दन मिश्रा, स्त्रीरोग विशेषज्ञ डॉ. पूरवी भट्ट तथा जिला समन्वयक तनुजा रावत उपस्थित रहे।

समिति ने जनपदवासियों से भी अपील की है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध अथवा अवैध गतिविधि की जानकारी प्रशासन को उपलब्ध कराएं, ताकि प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।