टिहरी : जनता दरबार में CDO ने सुनीं 28 शिकायतें, तालाब से मकान को खतरे पर तत्काल कार्रवाई के आदेश

टिहरी

जनता दरबार में CDO ने सुनीं 28 शिकायतें, तालाब से मकान को खतरे पर तत्काल कार्रवाई के आदेश

मुख्य विकास अधिकारी टिहरी गढ़वाल वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में सोमवार को जिला सभागार, नई टिहरी में आयोजित जनता दरबार में जनपदवासियों की समस्याएं सुनी गईं। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 28 आवेदन प्राप्त हुए।

CDO वरुणा अग्रवाल ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन एवं जन समर्पण पोर्टल पर दर्ज लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।

तालाब से मकान को खतरा, PWD को एक्शन के आदेश

तहसील टिहरी के ग्राम चवादन्त, पोस्ट बीपुरम निवासी रविन्द्र सिंह चौहान ने खेमड़ा-कुंडाली मार्ग पर एक व्यक्ति द्वारा बनाए गए तालाब से उनके मकान को खतरा उत्पन्न होने की शिकायत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए CDO ने अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

VMM कॉलेज की जांच रिपोर्ट तलब

वीएम कॉलेज, बुरांसवाड़ी, चम्बा के छात्र-छात्राओं ने कॉलेज के पंजीकरण एवं शैक्षणिक अभिलेखों की जांच की मांग की। CDO ने इस संबंध में पूर्व में प्रशिक्षु आईएएस की अध्यक्षता में गठित समिति से जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा है।

गौचर भूमि पर पैराग्लाइडिंग पर उठे सवाल

ग्राम जाख के ग्रामीणों ने गांव की गौचर भूमि पर पर्यटन विभाग द्वारा बिना समुचित जांच-पड़ताल के पैराग्लाइडिंग गतिविधियों की अनुमति दिए जाने की शिकायत दर्ज कराई। CDO ने उपजिलाधिकारी टिहरी को तत्काल जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के आदेश दिए।

पेड़ों व बंदरों से सुरक्षा की मांग

रानीचौरी-साबली निवासी विजलदास ने आवास के निकट स्थित दो चीड़ के पेड़ों से मकान को खतरा होने तथा बंदरों से सुरक्षा प्रदान किए जाने की मांग रखी। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने नरेंद्रनगर वन प्रभाग को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

नाली बंद होने से बौराड़ी में जलभराव

बौराड़ी स्थित मिलन केंद्र के समीप कुछ लोगों द्वारा नालियां बंद किए जाने के कारण सड़क पर मलबा जमा होने की शिकायत स्थानीय दुकानदारों एवं निवासियों ने की। CDO ने प्रशिक्षु आईएएस ज्योति, लोक निर्माण विभाग एवं नगर पालिका के अधिकारियों को संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण कर उसी दिन रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।
जनता दरबार में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।