SSP श्वेता चौबे के नेतृत्व में ‘नशा मुक्त भारत पखवाड़ा’ को मिली रफ्तार, नुक्कड़ नाटक से लेकर स्वास्थ्य शिविर तक चले कार्यक्रम

टिहरी

SSP श्वेता चौबे के नेतृत्व में ‘नशा मुक्त भारत पखवाड़ा’ को मिली रफ्तार, नुक्कड़ नाटक से लेकर स्वास्थ्य शिविर तक चले कार्यक्रम

हिन्डोलाखाल में नुक्कड़ नाटक, धरवाल गांव में बुजुर्गों का स्वास्थ्य परीक्षण, शिवपुरी बाजार में पर्यटकों को नशे के खिलाफ किया जागरूक

नशे के खिलाफ चलाए जा रहे केंद्र सरकार के ‘नशा मुक्त भारत पखवाड़ा’ अभियान को टिहरी गढ़वाल पुलिस ने जमीनी स्तर पर नई गति दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में नुक्कड़ नाटक, जनसंवाद और स्वास्थ्य शिविरों के जरिए लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

पुलिस कार्यालय से जारी प्रेस नोट के अनुसार, अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज को नशा मुक्त बनाना, युवाओं को नशे की लत से दूर रखना और आमजन को नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक व आर्थिक दुष्परिणामों के प्रति सतर्क करना है।

हिन्डोलाखाल में नुक्कड़ नाटक से दिया संदेश

थाना हिन्डोलाखाल पुलिस ने रोडधार क्षेत्र में नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया। नाटक के माध्यम से नशे से होने वाले नुकसान को प्रभावी तरीके से दिखाया गया। कार्यक्रम के अंत में मौजूद लोगों को नशा मुक्त समाज के निर्माण की शपथ भी दिलाई गई।

धरवाल गांव में बुजुर्गों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

थाना छाम पुलिस ने ग्राम धरवाल में वरिष्ठ नागरिकों और ग्रामीणों के साथ जागरूकता बैठक की। इस दौरान नशे के सामाजिक दुष्प्रभावों पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर ही वरिष्ठ नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया।

शिवपुरी बाजार में पर्यटकों को किया जागरूक

थाना मुनिकीरेती के अंतर्गत चौकी शिवपुरी पुलिस ने शिवपुरी बाजार में स्थानीय दुकानदारों, पर्यटकों और आमजन के बीच जन-जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस ने लोगों को शराब, मादक पदार्थों और अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले नुकसान की जानकारी दी। युवाओं को स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

पुलिस ने लोगों से अपील की कि यदि किसी क्षेत्र में नशे का अवैध कारोबार या मादक पदार्थों की बिक्री की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा सके।

स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों ने पुलिस के इस प्रयास की सराहना की और नशा मुक्त समाज बनाने में सहयोग का भरोसा दिया।

टिहरी पुलिस ने कहा कि जनसुरक्षा और जनजागरूकता के साथ नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।