28 जून से जनपद में राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ

टिहरी सू.वि.

28 जून से जनपद में राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ

मुख्य विकास अधिकारी टिहरी वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान-2026 के सफल संचालन को लेकर जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. श्याम विजय सिंह ने बताया कि भारत सरकार के निर्देशानुसार आगामी 28 जून, 2026 को जनपद टिहरी गढ़वाल में 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।

उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत पर्वतीय क्षेत्रों में 674 तथा ढालवाला मैदानी क्षेत्र में 95, कुल 769 पोलियो बूथ स्थापित किए जाएंगे। सर्वे के अनुसार इस चरण में जनपद के 46,593 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के तहत पर्वतीय क्षेत्रों में 29 एवं 30 जून को तथा ढालवाला मैदानी क्षेत्र में 29 जून से 4 जुलाई तक घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके लिए पर्वतीय क्षेत्रों में 1,348 टीमों तथा ढालवाला क्षेत्र में 24 टीमों का गठन किया गया है।

मुख्य विकास अधिकारी ने अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ शिक्षा, पंचायती राज, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास सहित सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं तथा अभियान को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करें। बैठक में जनपद स्तरीय अधिकारियों एवं सभी विकासखंडों के प्रभारी चिकित्साधिकारियों ने प्रतिभाग किया।