टिहरी: NEET परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, 179 में से 158 अभ्यर्थी हुए शामिल

टिहरी

टिहरी: NEET परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, 179 में से 158 अभ्यर्थी हुए शामिल

हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज भागीरथीपुरम केंद्र पर चाक-चौबंद रही सुरक्षा व्यवस्था, कदाचार की कोई शिकायत नहीं

जनपद टिहरी गढ़वाल के भागीरथीपुरम स्थित हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज में रविवार को आयोजित NEET परीक्षा शांतिपूर्ण एवं कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सकुशल संपन्न हो गई। परीक्षा के दौरान पूरे केंद्र पर प्रशासनिक निगरानी के साथ पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

परीक्षा केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, इस केंद्र पर कुल 179 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 158 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जबकि 21 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा का आयोजन राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा NTA के दिशा-निर्देशों के अनुसार किया गया।

चाक-चौबंद रही व्यवस्था: ADM शैलेन्द्र नेगी

परीक्षा के सफल संचालन पर अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र नेगी ने बताया, “परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाएं पूरी तरह चाक-चौबंद रहीं। मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, पर्यवेक्षक और पुलिस बल की तैनाती के साथ CCTV निगरानी भी की गई। परीक्षा निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराई गई। कदाचार या किसी अन्य अनियमितता की कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई।”