टिहरी
चम्बा के जगधार में नशा मुक्ति पर विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन, नशा परिवार के लिए अभिशाप: सचिव DLSA
अंतर्राष्ट्रीय नशा दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी निषेध दिवस 26 जून के उपलक्ष्य में माननीय उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टिहरी गढ़वाल द्वारा बुधवार को विकासखण्ड चम्बा के ग्राम जगधार में एक दिवसीय विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का आयोजन माननीय जनपद न्यायाधीश महोदय, अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण-टिहरी गढ़वाल के मार्गदर्शन में एवं सचिव श्री दयाराम की अध्यक्षता में हुआ।
नशा परिवार के लिए अभिशाप: सचिव DLSA
ग्रामवासियों को संबोधित करते हुए सचिव श्री दयाराम ने कहा कि समाज में शराब, तंबाकू, गुटखा, सिगरेट व अन्य मादक पदार्थों के सेवन की बढ़ती प्रवृत्ति को रोकने के लिए ही यह दिवस मनाया जाता है। लगातार नशीले पदार्थों के सेवन से मस्तिष्क, लिवर और हृदय को स्थायी नुकसान पहुंचता है। इससे अवसाद और गंभीर मानसिक विकार उत्पन्न होते हैं।
उन्होंने कहा कि नशे की लत के कारण घरेलू हिंसा बढ़ती है, परिवार बिखर जाते हैं और व्यक्ति आर्थिक तंगी का शिकार हो जाता है। इसलिए नशे की लत से जूझ रहे व्यक्ति को अपराधी के बजाय एक मरीज के रूप में देखा जाना चाहिए। उन्हें डांटने या समाज से अलग करने के बजाय उचित इलाज, परामर्श और पुनर्वास की आवश्यकता है।
सचिव महोदय ने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों को वैज्ञानिक तथ्यों के साथ नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया जाए ताकि भविष्य में वे नशे की चपेट में न आ सकें।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर रिटेनर अधिवक्ता श्री राजपाल सिंह मियां, स्थाई लोक अदालत के सदस्य श्री खेमराज सेमवाल, ग्राम प्रधान श्रीमती अर्चना कोठारी, ओमप्रकाश कोठारी, क्षेत्र पंचायत सदस्य, समस्त ग्रामवासी एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण-टिहरी गढ़वाल के अधिकार मित्र उपस्थित रहे।
रानीचौरी समिति का भी किया भ्रमण
शिविर के समापन के पश्चात सचिव श्री दयाराम ने मानवाधिकार संरक्षण एवं ग्रामीण विकास समिति रानीचौरी का भ्रमण कर समिति द्वारा संचालित कार्यों का निरीक्षण किया।
