टिहरी
टिहरी में 2 जुलाई को 5 स्थानों पर होगी मानसून मॉक ड्रिल, सचिव ने ली तैयारियों की समीक्षा
मानसून से पहले आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने के लिए 2 जुलाई को टिहरी गढ़वाल के 5 चिन्हित स्थानों पर मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इसे लेकर सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से सभी जिलों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
कहां होगी मॉक ड्रिल
ADM शैलेन्द्र सिंह नेगी ने बताया कि घनसाली के जखन्याली गांव, देवप्रयाग के मूल्या गांव, नरेंद्रनगर के बगड़धार, कण्डीसौड़ के स्यांसू और टिहरी झील क्षेत्र में मॉक ड्रिल होगी। हर स्थल के लिए नोडल अधिकारी नामित कर दिए गए हैं।
सचिव के निर्देश
सचिव सुमन ने कहा कि IRS के तहत सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें। बचाव एवं राहत दलों की समय पर तैनाती हो। आपदा प्रबंधन में महिला मंगल दल, युवक मंगल दल और स्थानीय समुदाय की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाए। टिहरी झील का जलस्तर बढ़ने पर प्रभावित होने वाले अन्य जनपदों को समय पर सूचना देने की व्यवस्था की गई है।
बैठक में मौजूद
बैठक में अधीक्षण अभियंता लोनिवि केएस नेगी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट, अधिशासी अभियंता पेयजल संस्थान प्रशांत भारद्वाज, सहायक परिवहन अधिकारी बिराटिया, अधिशासी अभियंता पीएमजीएसवाई जीआर नौटियाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
