टिहरी: ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध चाकू के साथ युवक गिरफ्तार, बाइक भी सीज

टिहरी:

ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध चाकू के साथ युवक गिरफ्तार, बाइक भी सीज

टिहरी पुलिस का चेकिंग अभियान, आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज

जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत टिहरी पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। कोतवाली नरेंद्रनगर पुलिस ने चेकिंग के दौरान अवैध धारदार चाकू के साथ एक युवक को गिरफ्तार कर उसकी मोटरसाइकिल भी सीज कर दी।

पुलिस के अनुसार 7 जुलाई को जाजल के पास बेमुंडा क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान पुलिस को देखकर एक युवक भागने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से एक अवैध धारदार चाकू बरामद हुआ।

पूछताछ में पकड़े गए युवक की पहचान सोनू गुरुंग पुत्र प्रेम बहादुर, निवासी शिवलोक कॉलोनी, लाल थप्पड़, थाना डोईवाला, देहरादून के रूप में हुई। वह चाकू रखने का कोई वैध लाइसेंस नहीं दिखा सका।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 21/2026, धारा 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही आरोपी द्वारा इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर के पर्यवेक्षण में उपनिरीक्षक यशवंत सिंह खत्री, हेड कांस्टेबल राकेश छाबड़ी और हेड कांस्टेबल आनंद सिंह की टीम ने की।

पुलिस ने कहा कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अवैध शस्त्र रखने वालों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।