टिहरी
जिलाधिकारी ने जनता दरबार में सुनी जनसमस्याएं, समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
जनता दर्शन में प्राप्त शिकायतों पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
सोमवार को जिला सभागार, नई टिहरी में जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में आयोजित जनता दरबार कार्यक्रम में जनपदवासियों की समस्याओं एवं शिकायतों को सुना गया। इस अवसर पर कुल 55 से अधिक आवेदन पत्र प्राप्त हुए, जो पेयजल, पुनर्वास, लोक निर्माण विभाग, वन विभाग सहित अन्य विभागों से संबंधित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सीएम हेल्पलाइन एवं जन समर्पण पोर्टल पर दर्ज लंबित शिकायतों की समीक्षा भी की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का समयान्तर्गत निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा जिन प्रकरणों का समाधान हो चुका है, उन्हें तत्काल पोर्टल पर अपडेट किया जाए।
आज आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने सभी मामलों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस दौरान विकासखंड जौनपुर की ग्राम पंचायत लामकांडे के प्रधान दिनेश सिंह रावत ने तहसील धनोल्टी की पट्टी सकलाना स्थित चुनारी गाड़ नाले से उत्पन्न गंभीर खतरे के निवारण एवं आवश्यक सुरक्षा उपायों के शीघ्र क्रियान्वयन का अनुरोध किया। इस पर जिलाधिकारी ने जिला विकास अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। मदन दास, निवासी बटवालधार, धनोल्टी ने चंबा–मसूरी फल पट्टी क्षेत्र के अंतर्गत अवैध पट्टों को नियमित कर पंजीकृत लीज कराने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। इस पर जिलाधिकारी ने जिला उद्यान अधिकारी को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत कोट की प्रधान ममता भट्ट ने शिकायत दर्ज कराई कि सहखातेदारों एवं ग्राम प्रधान की सहमति के बिना भूमाफियाओं द्वारा गुप्त रूप से भूमि क्रय की जा रही है। इस पर जिलाधिकारी ने तहसीलदार को मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। धीरज, निवासी ग्राम रोलाकोट, प्रतापनगर ने टिहरी बांध परियोजना से संबंधित प्रतिकर एवं विस्थापन के संबंध में निवेदन प्रस्तुत किया।
सीता देवी, निवासी ग्राम भरपूर पट्टी, प्रतापनगर ने अंत्योदय राशन कार्ड का लाभ दिलाए जाने की प्रार्थना की। इस पर जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साहिमा, निवासी बौराड़ी ने क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति बाधित होने की शिकायत दर्ज कराई। इस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता, जल संस्थान को शीघ्र समस्या का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत पाली की प्रधान जयसुरी देवी ने धोनाबागी–चावलखेत–नई टिहरी मोटर मार्ग पर मिट्टी डंपिंग के कारण ग्राम पंचायत पाली के पेयजल स्रोत को हो रहे नुकसान से अवगत कराया। इस पर जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग, चंबा को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही, आपदा के दौरान बादल फटने से ग्राम पाली के अखोड़ी खाले में क्षतिग्रस्त मार्ग के पुनर्निर्माण हेतु भी प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। अखिलेश, निवासी रोलाकोट, प्रतापनगर ने टिहरी बांध परियोजना से प्रभावित परिवारों को देहरादून जनपद में आवंटित कृषि एवं आवासीय भूमि पर निर्मित भवनों के नक्शों की स्वीकृति में छूट प्रदान किए जाने संबंधी पत्र जिलाधिकारी को सौंपा।
सीता मनवाल, सदस्य जिला पंचायत, जौनपुर ने खाद्य आपूर्ति गोदाम मरोड़ा पुल में खाद्य आपूर्ति निरीक्षक के नियमित रूप से उपस्थित न रहने की समस्या उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनता दरबार में सीडीओ वरुणा अग्रवाल, सीएमओ डॉ. राम प्रकाश, डीडीओ मो. असलम सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
