टिहरी :
विश्व मानव तस्करी विरोधी दिवस पर विशेष विधिक साक्षरता शिविर आयोजि
माननीय उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशानुसार एवं जनपद न्यायाधीश/माननीय अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, टिहरी गढ़वाल श्री नितिन शर्मा के आदेशानुपालन में गुरुवार को राजकीय नर्सिंग कॉलेज, सुरसिंगधार में “विश्व मानव तस्करी विरोधी दिवस” के अवसर पर विशेष विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री दयाराम ने की। इस अवसर पर उन्होंने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि विश्व मानव तस्करी विरोधी दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य समाज के कमजोर और हाशिए पर रहने वाले वर्गों को मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराध के प्रति जागरूक करना और उन्हें उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी देना है।
उन्होंने कहा कि मानव तस्करी वर्तमान समय में मानवाधिकारों का सबसे बड़ा हनन है। इसमें मुख्य रूप से महिलाओं और बच्चों को देह व्यापार, बंधुआ मजदूरी और अंगों की तस्करी के लिए शिकार बनाया जाता है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य आम जनमानस को मानव तस्करी के तरीकों और इससे बचाव के उपायों के बारे में शिक्षित करना तथा पीड़ितों के बचाव और पुनर्वास के लिए उपलब्ध मुफ्त कानूनी सहायता के प्रति जागरूक करना है।
जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर
शिविर में रिटेनर अधिवक्ता श्री राजपाल सिंह मियां ने विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में 112 नेशनल इमरजेंसी, 100 पुलिस, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 1091 महिला हेल्पलाइन, 1905 सीएम हेल्पलाइन और 15100 नालसा हेल्पलाइन पर संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने महिलाओं और लड़कियों को अवैध मानव तस्करी से बचाव के कानूनी उपायों के बारे में भी विस्तार से बताया।
वन स्टॉप सेंटर की कार्यप्रणाली पर चर्चा
वन स्टॉप सेंटर की केन्द्र प्रशासक श्रीमती रश्मि ने अवैध मानव व्यापार और पीड़ित महिलाओं को वन स्टॉप सेंटर द्वारा दी जाने वाली चिकित्सा, कानूनी, मनोवैज्ञानिक एवं पुलिस सहायता की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान राजकीय नर्सिंग कॉलेज, सुरसिंगधार में विधिक सहायता क्लिनिक का भी उद्घाटन किया गया। यह क्लिनिक कॉलेज के छात्र-छात्राओं को त्वरित विधिक सलाह उपलब्ध कराएगा।
उपस्थित रहे
इस अवसर पर राजकीय नर्सिंग कॉलेज सुरसिंगधार की प्रभारी प्राचार्य, वन स्टॉप सेंटर की केन्द्र प्रशासक श्रीमती रश्मि, रिटेनर अधिवक्ता श्री राजपाल सिंह मियां, पैरालीगल वालंटियर्स एवं नर्सिंग कॉलेज के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
