टिहरी: स्कूलों में पहुंची टीम गौरा, बालिकाओं को सिखाए आत्मरक्षा के गुर
टिहरी गढ़वाल: जनपद में बालिका सुरक्षा और महिला सशक्तीकरण को लेकर टिहरी पुलिस ने एक सराहनीय पहल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्रीमती श्वेता चौबे के निर्देशन में गठित विशेष “टीम गौरा” ने जनपद के विभिन्न स्कूलों में जाकर जागरूकता अभियान चलाया।
एसएसपी के निर्देश पर कोतवाली नरेंद्रनगर, थाना हिंडोलाखाल, कोतवाली कीर्तिनगर, देवप्रयाग, घनसाली, मुनिकीरेती, केंपटी सहित सभी थानों की पुलिस टीमों ने अपने-अपने क्षेत्र के विद्यालयों में छात्र-छात्राओं से संवाद स्थापित किया।
अभियान के दौरान टीम गौरा द्वारा छात्राओं को महिला एवं बालिका सुरक्षा, आत्मरक्षा, गुड टच-बैड टच, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़ से संबंधित कानूनों और उनके अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
इसके साथ ही छात्र-छात्राओं को वर्तमान समय की दो बड़ी चुनौतियों – साइबर फ्रॉड और नशे के प्रति भी जागरूक किया गया। पुलिस ने साइबर ठगी, सोशल मीडिया के दुरुपयोग से बचने के उपाय और नशे के दुष्प्रभावों के बारे में बताते हुए नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई।
पुलिस टीमों ने बच्चों से खुलकर उनकी समस्याएं भी सुनीं और उन्हें भरोसा दिलाया कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर वे बिना किसी डर और संकोच के पुलिस से संपर्क करें। बच्चों को 112, 1090, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्रीमती श्वेता चौबे ने बताया कि “टीम गौरा” का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास पैदा करना और उन्हें सुरक्षित माहौल देना है ताकि वे निडर होकर अपनी शिक्षा और सपनों को पूरा कर सकें।
