टिहरी
इंद्रमणि की घर वापसी मुहिम में अखोड़ी गांव की मिसाल: ग्रामीणों ने जुटाया 1 लाख का सहयोग
सऊदी अरब में 8 साल से फंसे उत्तरकाशी के इंद्रमणि नौटियाल की घर वापसी की मुहिम में टिहरी गढ़वाल के घनसाली क्षेत्र के अखोड़ी गांव ने मानवता की मिसाल पेश की है
इस मुहिम में टिहरी गढ़वाल के घनसाली क्षेत्र के अखोड़ी गांव ने भी मिसाल पेश की है। गांव के समाजसेवी भगवान सिंह रावत एवं मोर सिंह मेहरा ने ग्रामीणों को एकजुट कर लगभग 1 लाख रुपये की सहयोग राशि जुटाई है।
भगवान सिंह रावत ने कहा, “यह एक नेक कार्य है। मैं सभी से अपील करता हूं कि इस मुहिम में अपनी सामर्थ्य के अनुसार जरूर योगदान दें। आपकी छोटी से छोटी राशि भी एक परिवार की 8 साल की खुशियां वापस ला सकती है।”
आठ साल से पिता के इंतजार में बैठी दीपिका और उनके परिवार के लिए यह जनसैलाब एक नई उम्मीद लेकर आया है। सहयोग का सिलसिला जिस तेजी से जारी है, उससे उम्मीद है कि जल्द ही पूरी राशि जुटा ली जाएगी और इंद्रमणि अपने परिवार के बीच होंगे।
उल्लेखनीय है कि इंद्रमणि की बेटी दीपिका नौटियाल की पहल पर पूरे प्रदेश से अब तक 1.60 करोड़ रुपये जुटाए जा चुके हैं, जबकि कुल 2.29 करोड़ की जरूरत है। बेटी दीपिका नौटियाल द्वारा शुरू किए गए जन सहयोग अभियान को पूरे उत्तराखंड से जबरदस्त समर्थन मिल रहा है।
सऊदी अरब में पिछले 8 साल से फंसे उत्तरकाशी के इंद्रमणि नौटियाल की घर वापसी की उम्मीद अब परवान चढ़ने लगी है। उनकी बेटी दीपिका नौटियाल द्वारा शुरू किए गए जन सहयोग अभियान को पूरे उत्तराखंड से जबरदस्त समर्थन मिल रहा है।
अभियान के तहत अब तक 1 करोड़ 60 लाख रुपये की राशि जमा हो चुकी है। इंद्रमणि की रिहाई और सुरक्षित वतन वापसी के लिए कुल 2 करोड़ 29 लाख रुपये की आवश्यकता है, यानी लक्ष्य से अब सिर्फ 69 लाख रुपये दूर है।
दीपिका की भावुक अपील के बाद प्रदेश भर के जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन, व्यापारी और आम नागरिक इस मुहिम से जुड़ गए हैं। गांव-गांव, कस्बा-कस्बा लोग अपनी श्रद्धा और क्षमता के अनुसार सहयोग कर रहे हैं। यह अब सिर्फ एक परिवार की लड़ाई नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश की सामूहिक मुहिम बन गई है।
