
इंटरकॉलेज घुत्तू में हुआ स्वागत।
टिहरी– हिमालय के लगभग 38 पास (दर्रे) और 8000 किमी का लक्ष्य पार करने चली विश्वविख्यात पर्वतारोही, भारत की प्रथम एवरेस्ट विजेता पद्मश्री सुश्री बछेंद्री पाल और उनकी 50 प्लस उम्र की महिला पर्वतारोही टीम अपने अभियान के लगभग 2000 किलोमीटर पूरे कर आजकल उत्तराखंड में अपने अभियान पर है। सोनप्रयाग, त्रियुगी नारायण, पंवाली से होते हुए लगभग 64 किमी चलकर टीम शनिवार को घुत्तू पहुंची, जहां इंटर कॉलेज प्रांगण में प्रधानाचार्य नारायण लाल शाह, थाना घनसाली से सब इंस्पेक्टर कमल कुमार, विद्यालय प्रबंधन समिति, छात्र छात्राओं स्थानीय निवासियों और युवाओं द्वारा उनका स्वागत किया गया।

टीम के सदस्यों ने कहा कि अरुणाचल पंगासु से 10 मार्च 2022 से इस अभियान की शुरुआत हुई और माह अगस्त में कारगिल के द्रास सेक्टर में इस अभियान का समापन होना है। टीम में लगभग 50 से 68 वर्षीय महिला सदस्य भी शामिल हैं। इस अभियान में भारतीय सेना के जवान भी दल का नेतृत्व कर रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान सुश्री बछेंद्री पाल ने अपने जीवन के अनुभवों को साझा किया और बताया कि किस तरह से कठिन और प्रतिकूल परिस्थितियों में जीवन काटा लेकिन अपने लक्ष्य से कभी नही डिगी। इसी तरह से दल के सभी महिला सदस्यों और भारतीय सेना के जवान ने अभियान के दौरान अपने अनुभव को साझा किया। दल में झारखंड, बैंगलोर, गुजरात, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश की महिला पर्वतारोही शामिल हैं।

कार्यक्रम में अध्यापक अभिभावक संघ के पूर्व अध्यक्ष शिव सिंह रौथान, पंडित माणिक मोहन शास्त्री, राजेंद्र चौहान ने अपने विचार रखे और इस अभियान को कुशल पूर्वक संपन्न करने के लिए शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम में विद्यालय के स्टाफ, प्रबंधन समिति के बलवीर सिंह रौथान, अमरदेव तिवारी, विशन सिंह राणा, अक्षित रावत, सौकार राणा, विकास तिवारी, रवि कंडारी, परमवीर गुसाईं, मोर सिंह, विजेंद्र रावत, अरविंद, प्रदीप और स्कूल के छात्र छात्राएं उपस्थित थी।
