
महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे की सरकार ने हाल ही में अपना मंत्रिमंडल विस्तार किया है। इस बीच, सूत्रों के हवाले से ये जानकारी सामने आई है कि एकनाथ शिंदे गुट को केंद्र की मोदी सरकार में दो मंत्रिपद दिए जाएंगे, जिसमें एक कैबिनेट और एक राज्यमंत्री बनाए जाएंगे। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब भी अपनी कैबिनेट का विस्तार करेंगे, उसमें शिंदे गुट के दो सांसद शामिल होंगे। मुंबई साउथ सेंट्रल से सांसद राहुल शेवाले और विदर्भ के बुलढाणा से प्रतापराव जाधव को मंत्री बनाया जा सकता है।महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आज शनिवार को कहा कि राज्य में नव नियुक्त मंत्रियों को जल्द उनके विभाग सौंपे जाएंगे। उन्होंने इसके साथ ही भरोसा दिलाया कि सरकार भारी बारिश की वजह से फसलों को हुए नुकसान के लिए राज्य के किसानों को जल्द ही मुआवजा देगी। इस दौरान फडणवीस ने चंद्रशेखर बावनकुले को बीजेपी की महाराष्ट्र इकाई का अध्यक्ष नियुक्त होने पर बधाई भी दी। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा, “नए मंत्रियों को जल्द ही प्रभार सौंपे जाएंगे।” गौरतलब है कि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मंगलवार को अपने दो सदस्यीय मंत्रिमंडल का विस्तार किया था। उन्होंने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के 41 दिनों के बाद 18 मंत्रियों को अपने मंत्रिमंडल में शामिल किया। नए मंत्रियों में नौ शिवसेना के बागी गुट के जबकि नौ बीजेपी के हैं। राज्य के मंत्रिमंडल में 18 मंत्रियों को शामिल किया गया, जबकि उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने महत्वपूर्ण गृह विभाग का प्रभार संभाला।