उत्तराखंड में फिर बदला मौसम का मिजाज, पहाड़ों पर भारी हिमपात का येलो अलर्ट जारी

उत्तराखंड

उत्तराखंड में आज  3000 मीटर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की संभावना है जबकि मैदानी क्षेत्रों में धूप खिली रहेगी। उधम सिंह नगर और हरिद्वार में कहीं-कहीं कोहरा छाने के आसार हैं। मौसम विभाग ने 4 और 5 फरवरी को पहाड़ों पर भारी हिमपात का येलो अलर्ट जारी किया है। उत्तराखंड में शुक्रवार को आसमान साफ रहा और ज्यादातर क्षेत्रों में तेज धूप खिली रही। बर्फीली हवाओं के कारण देहरादून सहित अधिकांश क्षेत्रों में ठिठुरन भरी ठंड रही। फरवरी महीने में 2 दिन में ही प्रदेश में सामान्य से 700 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई। बीते दो दिनों में मसूरी, धनोल्टी, बुराँशखण्डा, सुरकंडा, नाग टिब्बा, लाल टिब्बा, भदराज में जबरदस्त बर्फबारी हुई। शुक्रवार सुबह से ही बर्फबारी का लुत्फ उठाने के लिए लोग मसूरी और धनोल्टी पहुंच गए।

मेघ बरसे और पहाड़ झूम उठा…बर्फ बरसने लगी तो धरती पर सफ़ेद चादर बिछ गई। और इस खूबसूरत नजारे से आज देवभूमि उत्तराखंड जनन्नत सी नजर आ रही है। रुई के फाहे सी सफेद चादर में ढकी पहाड़ियां को देखने के लिए लोग उत्सुक हैं। पर्यटक इस मनोरम दृश्य को देखने के लिए दौड़े चले आ रहे हैं।

गुरुवार मध्य रात्रि से हुए हिमपात से मसूरी- चंबा मार्ग पर यातायात अवरुद्ध हो गया। प्रशासन ने सड़क से बर्फ हटाने के लिए दो जेसीबी लगाई। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार ऊंची चोटियों पर आज भी हल्के हिमपात की संभावना है। जबकि देहरादून सहित आसपास के क्षेत्र में धूप निकलने की उम्मीद है।

यहां पर हुई साल की पहली बर्फबारी
लम्बे इंतजार के बाद उत्तराखंड के टिहरी और धनोल्टी में इस साल की पहली बर्फबारी हुई है. सैलानियों के अलावा राज्य के किसान और कारोबारी भी बर्फबारी का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे. देरी से हुई बर्फबारी से इनका काफी नुकसान हुआ. अब हुई इस बर्फबारी से उन्हें कुछ राहत मिलने के आसार हैं. टिहरी और धनोल्टी में हुई बर्फबारी के बाद यहां करीब दो इंच तक बर्फ जम गई थी.

हरिद्वार और उधम सिंह नगर में कहीं-कहीं कोहरा छाया रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र के निर्देशक विक्रम सिंह के अनुसार प्रदेश में आज ऊंची चोटियों पर हल्के हिमपात की संभावना है। जबकि रविवार को 2800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी हिमपात हो सकता है। वहीं निचले इलाकों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि होने के आसार हैं। कहीं-कहीं हल्की से मध्यम वर्षा भी हो सकती है। शुक्रवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 19.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
उधम सिंह नगर का अधिकतम तापमान 21.5 और न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 10.5 और न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस रहा। नई टिहरी में अधिकतम तापमान 10.7 और न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सीजन की पहली बर्फबारी होने से उत्तराखंड के मिनी स्वीटजरलैंड के नाम से प्रसिद्ध पर्यटन स्थल चोपता में पर्यटकों का जमावड़ा लग गया। बर्फबारी होते ही दो दिनों में यहां लगभग 2000 से अधिक पर्यटक पहुंच चुके हैं। जिसके कारण होटल, लॉज, हट्स और टेंट संचालकों को 11 फरवरी तक की बुकिंग मिल गई है।
वहीं कार्तिक स्वामी में भी बर्फबारी का आनंद लेने बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। मक्कू बैंड से लेकर चोपता तक डेढ़ से 2 फीट बर्फ गिरी है। चारों ओर बर्फ ही बर्फ नजर आ रही है। जिसके चलते पर्यटकों ने यहां पहुंचना शुरू कर दिया है।

Epostlive.com