मौसम ने फिर बदली करवट , बर्फ की सफेद चादर में लिपटीं उत्तराखंड की वादियां

उत्तराखंड
मौसम ने फिर बदली करवट , बर्फ की सफेद चादर में लिपटीं उत्तराखंड की वादियां

उत्तराखंड में मौसम बदला तो एक बार फिर से ठंड लौट आई है। शनिवार से शुरू हुई बारिश आज भी जारी है आज मौसम ने फिर करवट बदली है। पहाड़ से मैदान तक बारिश का सिलसिला जारी है। चमोली जनपद में लगातार तीसरे दिन भी मूसलाधार बारिश हो रही है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जमकर बर्फबारी हो रही है। औली और चकराता में फिर से बर्फबारी होने से ठंड बढ़ गई है।

बर्फ से लकदक हुई फूलों की घाटी
चमोली जिले आए दिन हो रही भारी बर्फबारी के चलते फूलों की घाटी भी बर्फ से लकदक है। फूलों की घाटी गश्त के लिए गई नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क के वन कर्मी घांघरिया से फूलों की घाटी के प्रवेश द्वार से लौट आए हैं। फूलों की घाटी के बेस कैंप में ही तीन फीट तक बर्फ जमी है ऐसे में अंदाजा लगाया जा सकता है कि घाटी में सात फीट तक बर्फ जमी हो सकती है। बर्फबारी से फूलों की घाटी का पैदल मार्ग भी नहीं दिख रहा है।

उत्तरकाशी जिले में रात से लगातार बारिश और बर्फबारी हो रही है। जिसके चलते गंगोत्री हाईवे सुक्की टॉप से आगे बंद है। मोरी क्षेत्र के ऊंचाई वाले इलाकों में भी बर्फबारी हुई है।
चकराता में सीजन की चौथी बर्फबारी हुई है। क्षेत्र के लौखंडी, कोटी-कनासर, जाड़ी, बुल्हाड़, देववन, केराड़ में भारी बर्फ पड़ी है। बर्फबारी के बाद जमीन पर छह इंच मोटी बर्फ की चादर जम गई है।
इधर, बदरीनाथ हाईवे पागलनाला में करीब एक घंटे तक बाधित रहा। यहां हाईवे पर आया मलबा दलदल में तब्दील हो गया है, जिससे वाहनों की आवाजाही में दिक्कतें आ रही हैं। हाईवे पर हनुमान चटटी से आगे बर्फ हटाने का काम भी प्रभावित हो गया है। जोशीमठ-औली और चमोली-गोपेश्वर-मंडल-ऊखीमठ हाईवे पर भी बर्फ जम जाने से वाहनों की आवाजाही मुश्किल से हो पा रही है।

नई टिहरी, अल्मोड़ा, चंपावत, नैनीताल और ऊधमसिंहनगर में कहीं-कहीं तेज गर्जन और बिजली चमकने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के 2500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी की भी संभावना है।

Epostlive.com