
उत्तराखंड
महाराष्ट्र-झारखंड में चुनाव तारीखों का ऐलान आज दोपहर 3:30 बजे
हरियाणा और जम्मू-कश्मीर के सफलतापूर्वक चुनाव संपन्न होने के बाद अब बारी महाराष्ट्र और झारखंड की है। चुनाव आयोग आज दोपहर 3:30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगा जिसमें दोनों राज्यों के विधानसभा चुनाव तरीखों का ऐलान कर दिया जाएगा। चर्चा यह भी है कि इलेक्शन कमीशन उत्तर प्रेदश की 10 सीटों के लिए होने वाले उपचुनाव की तारीखों की भी घोषणा कर सकता है।
चुनाव आयोग आज महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा करेगा। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार दोपहर 3:30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। महाराष्ट्र में एक और झारखंड में 5 फेज में वोटिंग की संभावना है। महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर 2024 को, वहीं झारखंड विधानसभा का कार्यकाल 5 जनवरी 2025 को खत्म हो रहा है।
वायनाड समेत 3 लोकसभा सीटों पर भी उपचुनाव
दोनों राज्यों के चुनाव के साथ ही 3 लोकसभा और 13 राज्यों की 49 विधानसभा सीटों पर भी उपचुनाव हो सकते हैं। केरल की वायनाड सीट राहुल गांधी के इस्तीफे, महाराष्ट्र की नांदेड़ सीट कांग्रेस सांसद और पश्चिम बंगाल की बशीरहाट सीट तृणमूल सांसद के निधन से खाली हुई है।
13 राज्यों की 49 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव
इसके अलावा 13 राज्यों की 49 विधानसभा सीटों पर भी उपचुनाव की घोषणा हो सकती है। इनमें उत्तर प्रदेश की 10, राजस्थान की 7, पश्चिम बंगाल की 6, असम की 5, बिहार की 4, पंजाब की 4, कर्नाटक की 3, केरल की 3, मध्य प्रदेश की 2, सिक्किम की 2, गुजरात की 1, उत्तराखंड की 1 और छत्तीसगढ़ की 1 विधानसभा सीटें शामिल हैं।