उत्तराखंड
रजत जयंती पर उत्तराखंड आएंगी राष्ट्रपति मुर्मु, विधानसभा को करेंगी संबोधित
उत्तराखंड राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने पर आयोजित होने जा रहे विधानसभा के विशेष सत्र में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शामिल हो सकती हैं। इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। वह सदन को संबोधित करेंगी। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी रजत जयंती समारोह में शामिल होने की संभावना है। नौ नवंबर को उत्तराखंड अपनी स्थापना के 25 साल पूरे करने जा रहा है। ऐसे में राज्य सरकार इसे रजत जयंती वर्ष के रूप में मनाएगी।
उत्तराखंड विधानसभा का रजत जयंती सत्र तीन और चार नवंबर को देहरादून में आयोजित होगा। राजभवन की मंजूरी के बाद विधानसभा सचिवालय ने इसका नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। विशेष सत्र को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु संबोधित करेंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी राज्य स्थापना दिवस पर देहरादून आ सकते हैं। सरकार ने नौ नवंबर को राज्य स्थापना के रजत जयंती समारोह में उन्हें आमंत्रित किया है। मुख्य समारोह एफआरआई में होगा। यहां पीएम राज्य से जुड़ी कई प्रमुख योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास भी करेंगे।
नौ नवंबर को राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इस अवसर पर सरकार ने विधानसभा का विशेष सत्र आयोजित करने का निर्णय लिया है। सत्र में राज्य के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा होगी। पुष्कर सिंह धामी सरकार ने राज्य स्थापना के 25 साल पूरे होने पर रजत जयंती समारोह को भव्य रूप से मनाने का फैसला लिया है। विधानसभा के दो दिवसीय विशेष सत्र के अलावा राज्य भर में कार्यक्रम आयोजित किए जाने हैं। साथ ही नौ नवंबर को देहरादून में मुख्य कार्यक्रम होगा। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। प्रधानमंत्री को न्योता भेजा जा चुका है। पीएमओ से प्रधानमंत्री का कार्यक्रम फाइनल होना बाकी है। हालांकि सरकार ने कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम में दून-दिल्ली एक्सप्रेस वे, सैन्य धाम जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट का उद्घाटन भी कर सकते हैं। साथ ही दून में प्रस्तावित एलिवेटेड सड़कों के निर्माण का भी शिलान्यास भी हो सकता है। इधर, सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट सैन्य धाम का निर्माण पूरा हो चुका है। प्रयास है कि नौ नवंबर को उनके दून आने पर सैन्य धाम का भी उद्घाटन किया जाए।

