रुद्रप्रयाग
बाबा केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को खुलेंगे ,महाशिवरात्रि पर उखीमठ में तिथि घोषित
चारधाम यात्रा को लेकर बड़ी घोषणा की गई है। बाबा केदारनाथ धाम के कपाट इस साल 22 अप्रैल 2026 को खुलेंगे. भगवान शिव का यह पावन धाम देवभूमि उत्तराखंड में स्थित है, जिसकी यात्रा के लिए देश भर से हर साल बड़ी संख्या में भोले के भक्त पहुंचते हैं. कपाट खुलने की घोषणा केदारनाथ रावल ने ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद की। तय कार्यक्रम के अनुसार 22 अप्रैल को प्रातः 8 बजे भगवान केदारनाथ के प्रथम दर्शन श्रद्धालुओं को प्राप्त होंगे।
महाशिवरात्रि पर भगवान भोलेनाथ के ज्योतिर्लिंग केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि तय होते ही भक्तों में उत्साह का माहौल है। प्रशासन और मंदिर समिति ने यात्रा की तैयारियां शुरू कर दी हैं। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा और यात्री सुविधाओं को लेकर विशेष इंतजाम किए जाएंगे ताकि श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित दर्शन मिल सकें।चारधाम यात्रा में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंचते हैं। इस बार भी रिकॉर्ड संख्या में यात्रियों के आने की उम्मीद जताई जा रही है।
