उत्तराखंड
अचानक बज उठा फोन,आपदा अलर्ट सिस्टम की टेस्टिंग हुई शुरू
उत्तराखंड में आपदा प्रबंधन को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में अहम पहल करते हुए उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने पूर्व चेतावनी प्रणाली की टेस्टिंग शुरू कर दी है।
प्राधिकरण ने राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सहयोग से शुक्रवार को राज्यभर में टेस्टिंग अलर्ट जारी किए। परीक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आपातकालीन स्थिति में अलर्ट संदेश आम नागरिक तक समय पर पहुंच सकें। इसके तहत सिस्टम की कार्यक्षमता और संदेश की पहुंच का आकलन किया गया। आपदा प्रबंधन अधिकारियों के अनुसार, आगामी एक सप्ताह तक इस प्रकार के परीक्षण जारी रहेंगे। इस दौरान विभिन्न मोबाइल नेटवर्क के माध्यम से राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों में अलर्ट संदेशों की गति और सटीकता की भी जांच की जाएगी। प्राधिकरण यह भी परख रहा है कि विभिन्न परिस्थितियों में अलर्ट संदेशों की डिलीवरी कितनी प्रभावी रहती है, ताकि भविष्य में किसी भी आपदा की स्थिति में समय रहते लोगों को सचेत किया जा सके और संभावित नुकसान को न्यूनतम किया जा सके। प्राधिकरण ने नागरिकों से अपील की है कि ऐसे टेस्ट अलर्ट से घबराने की आवश्यकता नहीं है। इसे एक सुरक्षा अभ्यास के रूप में लेते हुए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
विशेषज्ञों के अनुसार, यह पहल उत्तराखंड को आपदाओं के प्रति अधिक सतर्क, सुरक्षित और सक्षम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।
