चंपावत
इंडेन गैस एजेंसी के प्रबंधक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
चंपावत जिला मुख्यालय में कुमाऊं मंडल विकास निगम द्वारा संचालित चंपावत गैस एजेंसी के प्रबंधक ने अज्ञात कारणों के चलते रविवार रात विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। माना जा रहा है कि एजेंसी प्रबंधक गैस वितरण के अत्यधिक दबाव के चलते तनाव में था जिसके बाद उसने जहर खा लिया। जानकारी के मुताबिक रविवार रात केएमवीएन द्वारा संचालित इंडेन गैस एजेंसी के मैनेजर 55 वर्षीय दयाल सिंह रावत ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने उनके निवास पर पड़ताल की, लेकिन कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। हालांकि मामले की जांच शुरू हो गई है।
चर्चा है कि गैस प्रबंधक दयाल रावत पिछले कुछ समय से डिप्रेशन में चल रहे थे। वहीं कुछ लोगों का यह भी कहना है कि गैस वितरण के दबाव के चलते यह कदम उठाया। जानकारी के अनुसार 5 अप्रैल रविवार को भी दयाल सिंह गैस एजेंसी आए थे उसके बाद जब घर पहुंचे तो रात को उनके मौत की खबर आई। रात में उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया। लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच रिपोर्ट आने के बाद आत्महत्या के कारणों का पता चल सकेगा।
जिला प्रशासन की ओर से कहा गया है कि कल रात अचानक तबीयत बिगड़ने से गैस एजेंसी मैनेजर श्री रावत का आकस्मिक निधन हो गया। जिला प्रशासन ने अपील की है कि निधन के कारणों को लेकर किसी भी प्रकार की अटकलें न लगाई जाएं। उन्होंने अनुरोध किया है कि जब तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट की पुष्टि नहीं हो जाती, तब तक किसी भी निष्कर्ष पर न पहुंचें और न ही भ्रामक सूचनाएं प्रसारित करें
