डोईवाला: शिक्षिका सृष्टि कंडारी मौत मामले में पति और ननद गिरफ्तार, दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज

देहरादून

डोईवाला: शिक्षिका सृष्टि कंडारी मौत मामले में पति और ननद गिरफ्तार, दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज

नवंबर 2025 में हुई शादी के महज आठ महीने बाद शिक्षिका की संदिग्ध मौत के मामले में डोईवाला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दहेज हत्या के आरोप में मृतका के पति और ननद को गिरफ्तार कर लिया है।

मृतका की पहचान सृष्टि कंडारी, निवासी हर्रावाला के रूप में हुई है। वह पेशे से शिक्षिका थीं।

क्या है मामला
पौड़ी गढ़वाल के श्रीकोट निवासी सीमा कंडारी ने कोतवाली डोईवाला में तहरीर देकर बताया कि उनकी बेटी सृष्टि की शादी नवंबर 2025 में हर्रावाला निवासी सौरभ खत्री से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष सृष्टि को दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित कर रहा था। उसे बार-बार “अपशकुन” और “मनहूस” कहकर मानसिक रूप से परेशान किया जाता था।

तहरीर में यह भी कहा गया कि 29 जुलाई 2026 को सृष्टि की हत्या कर दी गई। मां ने पति सौरभ खत्री, सास परवीना देवी, ननद चारू और अन्य परिजनों पर साजिश का आरोप लगाया है।

पुलिस की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर CO डोईवाला वंदना वर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हर्रावाला क्षेत्र से दबोच लिया।

प्रभारी निरीक्षक राकेश गुसांई ने बताया कि मृतका की मां की शिकायत पर दहेज हत्या की धाराओं में FIR दर्ज कर ली गई है। गिरफ्तार आरोपियों में सौरभ खत्री, जो सचिवालय में निजी सचिव के पद पर तैनात हैं, और ननद चारू शामिल हैं।

शुक्रवार को पुलिस ने मृतका की मां सीमा कंडारी के बयान भी दर्ज किए। CO वंदना वर्मा ने कहा कि मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय प्रतिक्रिया
इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश है। मायके पक्ष ने निष्पक्ष जांच और दोषियों को कड़ी सजा की मांग की है।